वैष्णो देवी के दरबार में श्रद्धालुओं का हुजूम, समय से पहले बंद हो रहे रजिस्ट्रेशन काउंटर, ऑनलाइन बुकिंग भी फुल

वैष्णो देवी के धाम में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। हालत ये है कि पंजीकरण केंद्रों को समय से पहले बंद करना पड़ रहा है। ऑनलाइन बुकिंग स्लॉट भी फुल चल रहे हैं।
Vaishno Devi

गर्मी की छुट्टियां चल रही है और देश के अलग-अलग धार्मिक और पर्यटक स्थल पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। इन छुट्टियों में अगर आप भी वैष्णो देवी की यात्रा करने का प्लान बना रहे हैं तो आपको थोड़ा रुकने की जरूरत है। दरअसल, धाम में बहुत भीड़ पड़ रही है ऐसे में ऑनलाइन बुकिंग करवा कर निकलेंगे तो बेहतर होगा।

छुट्टियों के कारण कटरा से माता वैष्णो के भवन तक जाने का रास्ता पूरी तरह से श्रद्धालुओं से पैक है। अत्यधिक भीड़ को देखते हुए पंजीकरण काउंटर निर्धारित समय से पहले ही बंद करने पड़ रहे हैं। अगले दो सप्ताह तक कई जरूरी सेवाओं के एडवांस बुकिंग पहले ही हो चुकी है।

ऑनलाइन करें बुकिंग

अगर आप दर्शन के दौरान होने वाली परेशानी से बचना चाहते हैं तो श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से यात्रा पर्ची, हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार सेवा, आवास, रोप वे, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी की अग्रिम बुकिंग कर सकते हैं। इन सभी सुविधाओं की ऑनलाइन बुकिंग भी फिलहाल फुल चल रही है।

लाखों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

यात्रा मार्ग पर भीड़ इतनी ज्यादा है कि भवन पर श्रद्धालुओं को ज्यादा समय तक रोकना नहीं दिया जा रहा है। श्राइन बोर्ड के अधिकारी भवन पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पिछले एक सप्ताह के दौरान 3 लाख से ज्यादा श्रद्धालु यहां दर्शन कर चुके हैं। यात्रा पर्ची बनवाने से लेकर भवन परिसर में दर्शन करने तक हर जगह लंबी कतार दिखाई दे रही है। रोजाना 45 से 50 हजार के बीच श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं।

यहां करवा सकते हैं पंजीकरण

पंजीकरण काउंटर जल्दी बंद किया जा रहे हैं ऐसे में अगर मुख्य पंजीकरण केंद्र बंद मिले तो ऑनलाइन यात्रा पर्ची लेने के अलावा श्रद्धालु ताराकोट और ड्योढी प्रवेश द्वार पर मौजूद पंजीकरण केंद्रों से आरएफआईडी कार्ड ले सकते हैं।

समय से पहले बंद पंजीकरण केंद्र

इस भीड़ का असर हेलीकॉप्टर, बैटरी कार, केबल कार और आवास जैसी सुविधाओं पर देखने को मिल रहा है। श्राइन बोर्ड की ओर से एनजीटी के निर्देशों के तहत रोजाना लगभग 50000 श्रद्धालुओं को यात्रा की अनुमति दी जाती है। इसी को देखते हुए भीड़ नियंत्रण और अप्रिय स्थिति से बचाव के लिए पंजीकरण केंद्र समय से पहले बंद किए जा रहे हैं।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews