वसुंधरा राजे का राजस्थान की जनता से आह्वान, ट्वीट कर लिखा ‘आओ फिर से साथ चलें’, पीएम मोदी की जमकर तारीफ

वसुंधरा राजे का राजस्थान की जनता से आह्वान, ट्वीट कर लिखा ‘आओ फिर से साथ चलें’, पीएम मोदी की जमकर तारीफ

Vasundhara Raje on Rajasthan BJP List : राजस्थान में बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। लिस्ट में मध्य प्रदेश की तरह ही सात सांसदों को टिकट दिया गया है। पिछले 5 साल से सत्ता पर काबिज कांग्रेस की गहलोत सरकार और पूरी दमखम से राजस्थान में जीत का परचम लहराने को आतुर बीजेपी..इन चुनाव में पूरी ताकत के साथ लगे हुए हैं।

वसुंधरा राजे ने ट्वीट कर मांगा जनता का साथ

हालांकि राजस्थान में अभी बीजेपी के सीएम फेस को लेकर अटकलें जारी हैं। ऐसे में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सोमवार को लिस्ट जारी होने के बाद ट्वीट करते हुए प्रदेश की जनता से बीजेपी का साथ देने का आह्वान किया है। साथ ही गहलोत सरकार पर अन्याय, अत्याचार का आरोप लगाते हुए निशाना साधा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में पीएम मोदी के कार्यकाल में देश के विकास और पूरी दुनिया में भारत का नाम गर्व से ऊंचा होने की बात भी कही है।

‘अपने वोट की ताकत से नाकारा कांग्रेस सरकार को विदा करें’

वसुंधरा राजे ने अपने ट्वीट में लिखा है कि ” प्रिय प्रदेशवासियों ! चुनावों का ऐलान हो चुका है। प्रदेश की जनता ने पिछले पांच वर्षों में बहन-बेटियों का उत्पीड़न, हर रोज निर्दोषों की हत्याएं, आए दिन गरीबों व दलितों पर अत्याचार, बार-बार पेपर लीक से व्यथित युवाओं की पीड़ा को देखा है। कांग्रेस के इस कुशासन से हर वर्ग आहत हुआ है। हर तरफ खौफ और दहशत का माहौल है। कोई सुनने वाला नहीं है। इसलिए अब समय आ गया है कि आप सब राजस्थान में बदलाव के संकल्प को पूरा करें तथा अपने वोट की ताकत से नाकारा कांग्रेस सरकार को विदा करें।

सर्वविदित है कि भारतीय जनता पार्टी ने सदैव अंत्योदय के पथ पर चलते हुए ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सब का प्रयास’ के ध्येय पर काम किया है। इसी ध्येय वाक्य को अपनाते हुए मा. प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी ने देश में विकास के कीर्तिमान कायम कर दुनिया भर में भारत की प्रतिष्ठा को शिखर पर पहुंचाया है। हमारी भाजपा सरकार ने भी इसी प्रतिज्ञा के साथ प्रदेश की सेवा की थी। इसीलिए आज सब लोग हमारी सरकार के विकास को याद कर फिर से कमल खिलाने को आतुर हैं।

इसलिए आओ! फिर से आपके और हमारे सपनों का राजस्थान बनाने के लिए भाजपा को चुने, जो सब की सुने। आओ फिर से साथ चलें! जय जय राजस्थान।”

23 नवंबर को मतदान

निश्चित तौर पर राजस्थान के आगामी विधानसभा चुनाव दोनों ही पार्टियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। कांग्रेस जहां सत्ता पर फिर काबिज होने के लिए सारा दम लगा रही है वहीं बीजेपी 5 साल का वनवास काटकर फिर कुर्सी पर बैठना चाहती है। लेकिन इस चुनावी समर में जनता ही जनार्दन है और दोनों ही पार्टियों के भाग्य का फैसला राजस्थान की जनता 23 नवंबर को करेगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews