चुनाव से पहले ममता बनर्जी का बड़ा दांव, बेरोजगार युवाओं को हर महीने 1500 रुपये देने का किया ऐलान, किसानों के लिए भी की महत्वपूर्ण घोषणा

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने 'युवा साथी' योजना के तहत बेरोजगार युवाओं को मिलने वाले 1500 रुपये के भत्ते को अगस्त की बजाय 1 अप्रैल से शुरू करने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने किसानों के लिए भी आर्थिक सहायता और मुफ्त बिजली का वादा किया है।
mamata banerjee

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से कुछ ही महीने पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बेरोजगार युवाओं और किसानों को साधने के लिए कई अहम घोषणाएं की हैं। मंगलवार को नबन्ना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने ‘युवा साथी’ योजना के तहत दी जाने वाली आर्थिक सहायता को समय से पहले शुरू करने का ऐलान किया।

पहले यह योजना अगस्त से शुरू होनी थी, लेकिन अब लाभार्थियों को इसका फायदा 1 अप्रैल से ही मिलने लगेगा। इस योजना के तहत 10वीं पास बेरोजगार युवकों को हर महीने 1500 रुपये दिए जाएंगे।

अगस्त नहीं, 1 अप्रैल से शुरू होगी योजना

कुछ दिन पहले राज्य के अंतरिम बजट में वित्त राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने ‘युवा साथी’ स्कीम की घोषणा की थी। तब बताया गया था कि 21 से 40 साल के माध्यमिक पास बेरोजगार युवाओं को पांच साल तक हर महीने 1500 रुपये की मदद दी जाएगी और यह योजना अगस्त से लागू होगी।

हालांकि, चुनाव नजदीक आते ही इस पर सवाल उठने लगे थे कि इसका लाभ नई सरकार के गठन के बाद मिलेगा। इन अटकलों पर विराम लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “नया वित्तीय वर्ष 1 अप्रैल से शुरू हो रहा है। युवा साथी प्रोजेक्ट की राशि 1 अप्रैल से ही दी जाएगी।” उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सहायता पांच वर्षों के लिए होगी, जिसके बाद इसकी समीक्षा की जाएगी।

किसानों के लिए भी बड़े ऐलान

युवाओं के साथ-साथ ममता बनर्जी ने किसानों के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि जिन किसानों के पास कम से कम 1 कट्ठा जमीन है, उन्हें हर साल 4000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, खेती करने वाले किसानों के लिए बिजली पूरी तरह से मुफ्त करने का भी ऐलान किया गया है।

कैसे करें आवेदन?

इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आवेदन प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 फरवरी से 26 फरवरी तक (छुट्टियों को छोड़कर) राज्य भर में विशेष कैंप लगाए जाएंगे।

उन्होंने कहा, “राज्य की सभी 294 विधानसभा सीटों में एक-एक कैंप लगाया जाएगा। आप सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक इन कैंपों में आकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए हम अखबारों में विज्ञापन भी देंगे।” एग्रीकल्चर, इरिगेशन, पावर और यूथ डिपार्टमेंट मिलकर इन कैंपों का संचालन करेंगे।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews