World Tourism Day: उत्तर प्रदेश के इकलौते समुद्र तट की जरूर करें सैर, जंगल सफारी का लें आनंद

World Tourism Day

World Tourism Day: घूमना फिरना हर व्यक्ति के जीवन का अहम हिस्सा होता है। अपनी भागदौड़ भरी जिंदगी से परेशान होकर लोगों को अक्सर ही वीकेंड पर जाते या फिर प्राकृतिक जगह को एक्सप्लोर करते हुए देखा जाता है। हमारे देश में पर्यटन के लिए एक से बढ़कर एक जगह मौजूद है, जहां अक्सर ही पर्यटकों का आना-जाना लगा रहता है। बीते कुछ सालों में पर्यटन इंडस्ट्री उभर कर सामने आई है। आज विश्व पर्यटन दिवस है जिसे हर साल 27 सितंबर को मनाया जाता है।

संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन द्वारा इस दिन को मनाए जाने की शुरुआत इसलिए की गई थी ताकि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सके। वर्ल्ड टूरिज्म डे के इस खास मौके पर आज हम आपको भारत में मौजूद एक ऐसी जगह के बारे में बताते हैं, जो गोवा तो नहीं है, लेकिन आपको वहीं की तरह आनंद देगी।

प्राकृतिक सुंदरता का खजाना चूका बीच

भारत के खूबसूरत राज्य उत्तर प्रदेश में मौजूद पीलीभीत बीते कुछ समय में पर्यटन के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने में कामयाब हुआ है। यहां पर घूमने-फिरने के लिए वैसे तो कई जगह मौजूद है, लेकिन यहां के टाइगर रिजर्व का चूका बीच बहुत ही खूबसूरत जगह है, जो सैलानियों को अपनी और आकर्षित करती है। आज हम आपके यहां की प्राकृतिक सुंदरता से रूबरू करवाते हैं।

पीलीभीत टाइगर रिजर्व न सिर्फ बाघ बल्कि प्राकृतिक सुंदरता से भी पर्यटकों का आकर्षित करता है। यहां मौजूद चूका बीच का नजारा आने वाले सैलानियों को गोवा की तरह एहसास देता है और अगर इसे मिनी गोवा कहा जाए तो कोई हैरानी वाली बात नहीं होगी। ये जगह 6 महीने तक पर्यटकों के लिए खुली रहती है।

कब खुलता है

चूका बीच एक ऐसी जगह है, जहां पर अपने निजी वाहन से जाना प्रतिबंधित है। यहां पर वन विभाग की ओर से जंगल सफारी वाहनों की व्यवस्था यात्रियों के लिए की जाती है। 3300 रुपए जमा करने के बाद इस वाहन से छह लोग घूमने के लिए जा सकते हैं। जंगल के बीच से गुजरते हुए आपको कई सारे खूबसूरत स्पॉट देखने के लिए मिलेंगे।

यहां जाते समय टाइम का ध्यान रखना बहुत जरूरी है क्योंकि अगर आप जंगल की सैर करना चाहते हैं तो उसके लिए सुबह 6 से 9 बजे तक और शाम 3 बजे से 6 बजे तक का समय तय किया गया है। जब आप बीच जंगल से गुजरेंगे और बाघ आपको चहलकदमी करते दिखाई देंगे, तो यह एक रोमांचक अनुभव होने वाला है।

सैलानियों के लिए व्यवस्था

यहां आने वाले पर्यटकों को रात को ठहरने की व्यवस्था भी आसानी से मिल जाती है। अगर आप बीच पर अपनी रात गुजारना चाहते हैं तो यहां बैंबो, थारू, ट्री हट में रुका जा सकता है। इसे वन निगम की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर बुक किया जा सकता है।

आसपास मौजूद जगह

जब आप यहां पर पहुंचेंगे तो चूका बीच के अलावा आसपास कुछ खूबसूरत जगह भी मौजूद है। यहां से 7 किलोमीटर की दूरी पर गोमती नदी का उद्गम स्थल मौजूद है, जो सैलानियों को काफी पसंद आता है। ऐतिहासिक धरोहर होने के साथ यहां की प्राकृतिक सुंदरता और मां गोमती की होने वाली आरती अक्सर ही लोगों का ध्यान अपनी और आकर्षित कर लेती है।

कैसे पहुंचे चूका बीच

अगर आप इस खूबसूरत प्राकृतिक जगह पर जाना चाहते हैं, तो आपको पीलीभीत से गौहनिया चौराहा जाना होगा। यहां से 30 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद आप खटीमा मार्ग पर पहुंचेंगे। यहां से 7 किलोमीटर दूर मुस्तफाबाद गेट है जहां से जंगल सफारी के लिए गाड़ी बुक की जा सकती है। सफारी की इस गाड़ी में बैठने के बाद से ही रोमांच से भरी एक खूबसूरत यात्रा शुरू होगी जो आपको ऐसे नजारों से रूबरू करवाएगी, जो आपको हमेशा याद रहेंगे।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews