नीमच: CBN की बड़ी कार्रवाई, मकान से अवैध अफीम और 18 लाख रुपये से ज्यादा कैश बरामद, आरोपी गिरफ्तार

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने प्रतापगढ़ के लालपुरा पीपलखेड़ी गांव में एक मकान पर छापा मारकर 9.617 किलोग्राम अवैध अफीम और 18 लाख 42 हजार रुपये नकद बरामद किये हैं। साथ ही एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
Neemuch CBN Action

नीमच: केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान यूनिट ने नशे के ​अवैध करोबार पर शिकंजा कसते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। CBN ने राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के लालपुरा पीपलखेड़ी गांव में एक मकान पर छापा मारते हुये अवैध अफीम एवं लाखों रुपये की नकदी जब्त कर एक आरोपी को दबोचा है। CBN की मामले में आगे की जांच जारी है।

बता दें कि केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने पीपलखेड़ी गांव स्थित एक मकान पर छापामार कार्रवाई की। तलाशी के दौरान टीम ने 9.617 किलोग्राम अवैध अफीम और 18 लाख 42 हजार रुपये नकद बरामद किए।

गुप्त सूचना के आधार पर CBN ने की कार्रवाई

CBN के अनुसार, ​अधिकारियों को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि लालपुरा पीपलखेड़ी निवासी एक व्यक्ति अपने मकान में अवैध अफीम छिपाकर रखे हुए है। सूचना के आधार पर अधिकारियों की टीम एक्टिव हो गई और CBN कोटा एवं जिला अफीम अधिकारी प्रतापगढ़ डिवीजन-II की संयुक्त टीम गठित की गई। जिसके बाद अधिकारियों ने उसी मकान पर दबिश दी।

मकान की तलाशी लेने पर मिला अवैध अफीम और लाखों की नकदी

अधिकारियों ने जब मकान की तलाशी ली तो वहां से 9.617 किलोग्राम अवैध अफीम और 18 लाख 42 हजार रुपये बरामद हुये। इसके बाद CBN अधिकारियों ने एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो अधिकारियों ने कहा कि ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और ड्रग नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग का लक्ष्य मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना और ड्रग नेटवर्क को समाप्त करना है।

Kamlesh Sarda
लेखक के बारे में
Kamlesh Sarda

30 वर्षों से रिपोर्टिंग; दैनिक भास्कर, बंसल न्यूज, पत्रिका और द सूत्र के साथ कार्य.

I'm reporter last 30 years I'm working with danik bhaskar, bansal news, patrika, the sootra, mp breaking news also View all posts by Kamlesh Sarda →
Follow Us :GoogleNews