MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

नीमच में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई प्रतिष्ठानों में मिली अनियमितताएं, तीन रेस्टोरेंट को नोटिस, उत्पादों के नमूने जांच के लिए भेजे

नीमच में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कई खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर कार्रवाई की, जैनी फूड से एक्सपायरी पाव-बर्गर के 32 पैकेट नष्ट किए गए। वहीं तीन कैफे-रेस्टोरेंट में अनियमितताएं मिलने पर सुधार नोटिस जारी किए गए।
Neemuch News

नीमच: त्योहारों के सीजन के चलते खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग की टीमें लगातार बाजारों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच रही हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई कर रही हैं। इस बीच, नीमच जिले में भी शनिवार को खाद्य विभाग ने निरीक्षण कर कार्रवाई की है।

बता दें कि नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देश और कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा टीम ने जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई के दौरान मशहूर आउटलेट्स में भारी लापरवाही, गंदगी और नियमों का खुला उल्लंघन सामने आया है।

जैनी फूड पर गिरी गाज, 32 पैकेट पाव-बर्गर मौके पर नष्ट

बता दें कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एलआईसी रोड स्थित आईडीबीआई बैंक के पास संचालित ‘जैनी फूड’ का निरीक्षण किया। यहां पिज्जा, बर्गर, सैंडविच और ब्रेड सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की बिक्री की जा रही थी। जांच के दौरान 500 ग्राम पाव के 9 पैकेट और 250 ग्राम बर्गर के 23 पैकेट मिले। कुल 32 पैकेट में एक्सपायरी डेट की समस्या पाई गई जबकि कुछ पैकेट पर मैन्युफैक्चरिंग डेट दर्ज नहीं थी। विभागीय टीम ने इन खाद्य उत्पादों को मौके पर ही नष्ट कर दिया और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत केस दर्ज किया।

इसके अलावा, जैनी फूड पर बिक रही ‘मधुवन बेकरी’ की पिज्जा व जंबो ब्रेड और ‘कालिका बेकरी’ की ब्रेड पर FSSAI लाइसेंस नंबर, वजन, न्यूट्रिशन वैल्यू और वेज-नॉनवेज मार्क जैसी अनिवार्य जानकारियां नदारद थीं। इन तीनों के नमूने जब्त कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं।

कैफे और रेस्टोरेंट में मिलीं गंभीर अनियमितताएं

खाद्य विभाग की टीम ने शहर के तीन अन्य प्रमुख कैफे और रेस्टोरेंट्स में भी गंभीर अनियमितताएं पाईं। जिसके बाद संचालकों को धारा 32 के तहत सुधार नोटिस थमाया गया है। अंबेडकर रोड स्थिति द हॉलीफूड कैफे-इन रेस्ट्रो, माधवम कैफे एंड रेस्टोरेंट और राजभोज थाली एवं फैमिली रेस्टोरेंट में किचन में अस्वच्छता, जल​ निकासी, मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल, परिसर में गंदगी, खुले डस्टबिन समेत अन्य कई खामियां मिली। जिसके बाद खाद्य विभाग ने एक्शन लेते हुए कार्रवाई की। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि भोपाल लैब से रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी और जिले भर में यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

नीमच से कमलेश सारडा की रिपोर्ट

Kamlesh Sarda
लेखक के बारे में
I'm reporter last 30 years I'm working with danik bhaskar, bansal news, patrika, the sootra, mp breaking news also View all posts by Kamlesh Sarda
Follow Us :GoogleNews
नीमच में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई प्रतिष्ठानों में मिली अनियमितताएं, तीन रेस्टोरेंट को नोटिस, उत्पादों के नमूने जांच के लिए भेजे - MP Breaking News