मध्यप्रदेश में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। जहां जालसाज नये-नये हथकंडे अपनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। कहीं मोटे मुनाफे का लालच तो कहीं झूठे वादों के जरिये ठग लोगों की मेहनत की कमाई पर सेंध लगा रहे हैं। इसी बीच, नीमच में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
बता दें कि साइबर सेल और नीमच सिटी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। राज्य स्तरीय ‘ऑपरेशन मेट्रिक्स 2.0’ के तहत पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 62 एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक, लैपटॉप, कार और नकदी जब्त की गई है।
फर्जी वेबसाइट बनाकर शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी
पुलिस के अनुसार, आरोपी www.moneygrow.live नाम से फर्जी वेबसाइट बनाकर सोशल मीडिया और फोन कॉल के जरिये लोगों को शेयर बाजार में निवेश की टिप्स देने और अधिक मुनाफा कमाने का लालच देते थे। उनके झांसे में आने वाले लोगों से ठगी की रकम फर्जी (म्यूल) बैंक खातों में ट्रांसफर कराई जाती थी।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना एवं I4C (इंडियन सायबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर) के तकनीकी डेटा का आधार पर पुलिस ने बैंक एवं एटीएम बूथ के आसपास से निखिल कुमावत, दीपक मेघवाल और जयंत कुमावत को हिरासत में लिया। पुलिस ने जब इनसे पूछताछ को सामने आया कि ये तीनों खुद के और अन्य लोगों के बैंक खातों की किट मुख्य आरोपी अल्केश (वल्केश) पवार को देते थे।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
वहीं, अल्केश इन खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर करवाता था। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने अल्केश को भी गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 319(2) और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब अब जब्त बैंक खातों के नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद की सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 62 एटीएम कार्ड, 9 पासबुक, 8 चेकबुक और 1 एटीएम स्वैप मशीन जब्त की है। इसके अलावा 8 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 1 मैकबुक, 1 हुंडई ऑरा कार और 51,500 रुपये नकद भी बरामद किये गये हैं।






