नीमच पुलिस ने स्कूल की छात्राओं के साथ मनाया रक्षाबंधन, कलाई पर बंधवाई राखी, बदले में दिया 24 घंटे सुरक्षा का भरोसा

रक्षाबंधन पर नीमच पुलिस ने ‘राखी का धागा, सुरक्षा का वादा’ थीम के तहत छात्राओं के साथ संवाद किया। साथ ही राखी बंधवाते हुए छात्राओं को 24 घंटे सुरक्षा और सहयोग का भरोसा दिलाया।
Neemuch News

नीमच: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर नीमच पुलिस ने महिला सुरक्षा को लेकर संवेदनशील पहल की। पुलिस ने छात्राओं के साथ भरोसे और सुरक्षा का मजबूत रिश्ता कायम करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार शासकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (कोठी स्कूल) में ‘सृजन संवाद कार्यक्रम’ के तहत ‘राखी का धागा, सुरक्षा का वादा’ थीम पर विशेष आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में कक्षा 11वीं और 12वीं की सैकड़ों छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीओपी निकिता सिंह, कैंट थाना प्रभारी विजय सागरिया सहित अन्य अधिकारियों और जवानों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनका मुंह मीठा कराया। इसके बदले पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को उपहार भेंट करते हुए हर परिस्थिति में 24 घंटे सुरक्षा और सहयोग का ठोस भरोसा दिलाया।

पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से किया सीधा संवाद

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं के साथ सीधा संवाद करते हुए उनकी सुरक्षा, भविष्य की संभावनाओं और दैनिक जीवन में आने वाली चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा, यातायात नियमों और आपातकालीन पुलिस हेल्पलाइन नंबरों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक और संकोच के पुलिस की मदद लेने और अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। नीमच पुलिस का यह कदम केवल एक रस्म तक सीमित न रहकर समाज में बेटियों की सुरक्षा के प्रति पुलिस की जवाबदेही और मजबूत संकल्प का प्रतीक बनकर सामने आया है।

छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुलिस 24 घंटे तत्पर: नीमच एसपी

नीमच एसपी राजेश व्यास ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सृजन संवाद कार्यक्रम के तहत ‘राखी का धागा, सुरक्षा का वादा’ थीम पर छात्राओं से सीधा संवाद किया गया है। सुरक्षा का दायरा केवल स्कूल या सड़क तक सीमित नहीं है। बच्चियां घर, हॉस्टल, स्कूल या रास्ते में कहीं भी हों, उन्हें हर जगह सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए। संवाद में छात्राओं को साइबर सेफ्टी, ट्रैफिक रूल्स और हेल्पलाइन नंबर्स की जानकारी दी गई है। हमारी पूरी टीम छात्राओं की सुरक्षा के लिए 24 घंटे तत्पर है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews