
Neemuch police seize 424 kg of poppy husk from Bolero
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नीमच पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत कंजार्डा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 424 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो कैम्पर और पायलटिंग कर रही मोटरसाइकिल को जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, चौकी कंजार्डा थाना मनासा को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बोलेरो कैम्पर में भारी मात्रा में डोडा चूरा भरकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। वाहन के आगे एक मोटरसाइकिल सवार पायलटिंग कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संभावित मार्ग पर घेराबंदी कर वाहनों की निगरानी शुरू की।
पुलिस ने संदिग्ध बोलेरो कैम्पर और उसके आगे चल रही मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली। बोलेरो कैम्पर से 21 कट्टों में कुल 4.24 क्विंटल यानी 424 किलो डोडा चूरा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तामोटी गांव के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्यामलाल पिता हजारीलाल गुर्जर, दशरथ पिता सूरजमल भील और रतन पिता भाना भील, सभी निवासी ग्राम तामोटी, थाना कुकड़ेश्वर के रूप में हुई है।
तस्करी के नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर डोडा चूरा की तस्करी से जुड़े लिंकेज और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

