
भोपाल| राजधानी भोपाल में अपराधों का बोलबाला है, आम आदमी ही नहीं भोपाल में पुलिस भी सुरक्षित नहीं| बुधवार शाम को पीएचक्यू डीएसपी गोरेलाल अहिरवार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अवधपुरी थाना क्षेत्र में बीकानेर स्वीट्स के पास रहने वाले डीएसपी अहिरवार को उनके परिचित ने घर में घुसकर गोली मार दी।
जानकारी के मुताबिक घटना शाम करीब साढ़े सात बजे की बताई जा रही है। अवधपुरी थाना क्षेत्र में बीकानेर स्वीट्स के पास रहने वाले डीएसपी अहिरवार को उनके परिचित ने घर में घुसकर गोली मार दी। हमलावर ने गोली उनके सीने में मारी। गोली चलने की आवाज सुनकर पहुंचे परिजन फौरन उन्हें नर्मदा अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डीएसपी गोरेलाल अहिरवार भोपाल के निशातपुरा सहित तीन थाना में थाना प्रभारी रह चुके हैं। वे भोपाल में ट्रैफिक और अशोका गार्डन थाने के पहले प्रभारी सब इंस्पेक्टर थे। वर्तमान में अहिरवार पुलिस मुख्यालय में पदस्थ थे। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है|
हत्या के पीछे आपसी रंजिश जमीन को लेकर बताई जा रही है। पुलिस के आला अधिकारी अस्पताल पहुंच चुके हैं। गोरेलाल अहिरवार मूलतः सागर जिले के रहने वाले थे। वे 84 बैच के सीधी भर्ती के सब इंस्पेक्टर थे।

