मध्य प्रदेश के पन्ना से उधारी को लेकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। दरअसल, यहां के शाहनगर थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास एक चाय और पान की दुकान मौजूद है। यहां पर गुटखा की उधारी को लेकर हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

मारपीट के इस मामले में पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। यह पूरा घटनाक्रम चाय और पान की दुकान चलाने वाले गुड्डू राठौर के साथ हुआ है। बतौर गुड्डू उसने अपनी दुकान पर आए गजेंद्र चौधरी को उधार में गुटखा देने से मना कर दिया था। इस पर गजेंद्र ने लाठी से मारपीट करना शुरू कर दी।

लाठी से की गई मारपीट

गुड्डू के मुताबिक गुरुवार 15 अक्टूबर की रात पिपरिया निवासी गजेंद्र चौधरी उनकी दुकान पर पहुंचा। गजेंद्र ने 20 रुपए का गुटखा उधार देने को कहा। दुकानदार ने उधार देने से मना कर दिया और कहा कि अगर गुटखा लेना है तो पैसे देने होंगे। इस पर गजेंद्र तिलमिला गया और गाली गलौज करने लगा। कुछ देर बाद उसने लाठी से मारपीट शुरू कर दी। दुकानदार ने यह भी कहा कि एक बार जाने के बाद आरोपी दोबारा आकर उसके साथ मारपीट करके गया है। दुकान के समान में तोड़फोड़ कर कुछ सामान साथ ले जाने का आरोप भी लगाया गया है।

घटना का वीडियो के सामने आया है। जिसमें उधार गुटखा लेने आने वाला व्यक्ति अपने हाथों में डंडा लेकर दुकानदार को मारता दिखाई दे रहा है। एक व्यक्ति दोनों को रोकने की कोशिश कर रहा है। दुकानदार उस व्यक्ति के पीछे छुपकर खुद को बचाने की कोशिश करता है। लेकिन गजेंद्र लाठी चलाता रहता है।

पुलिस कर रही जांच

इस मामले की जानकारी जैसे ही पुलिस को लगी तुरंत डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस आरोपी को अपने साथ शाहनगर थाने लेकर गई। वहीं पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।