पन्ना जिले के देवेंद्रनगर में एक 4 साल की बच्ची के साथ दर्दनाक हादसा देखने को मिला। दरअसल, यह मासूम बच्ची एक बिल्ली को डॉग के जबड़े से छुड़ाने के लिए गई थी लेकिन स्ट्रीट डॉग ने इसी पर हमला कर दिया। हमले में बच्ची के चेहरे पर बुरी तरह से घाव हो गए हैं।
जब स्ट्रीट डॉग ने बच्ची पर हमला किया तो आवाज सुनकर तुरंत आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए जिन्हें देखकर डॉग मौके से भाग निकला। घटना के बाद बच्ची का शुरुआती इलाज करने के बाद उसे सतना के बिरला अस्पताल भेजा गया है, जहां वह पीआईसीयू में भर्ती है।
बिल्ली को बचाने गई थी
घटना से जुड़ी जो जानकारी सामने आ रही है उसके मुताबिक 4 साल की नन्ही रूहानिका अपने घर के बाहर खेलते खेलते निकली। तभी उसने देखा कि एक स्ट्रीट डॉग बिल्ली को अपने जबड़े में दबाकर ले जा रहा है। यह देखकर वह बिल्ली को बचाने के लिए डॉग के पास पहुंची और उसे छुड़ाने की कोशिश करने लगी। डॉग ने बिल्ली को तो छोड़ दिया लेकिन बच्ची पर हमला कर दिया। जिससे वो बुरी तरह से घायल हो गई।

चल रहा बच्ची का इलाज
बच्ची पर हमला करने के दौरान डॉग ने उसे बुरी तरह से चेहरे पर नोंच लिया है। डॉग के हमले से घबराई रुहानिका जब चीखने लगी तो आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सभी घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक इलाज करने के बाद उसे सतना के बिरला हॉस्पिटल रैफर किया गया। यहां उसका पीआईसीयू में इलाज चल रहा है।






