राजस्थान के पेंशनधारकों के लिए अच्छी खबर है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत राज्य की भजनलाल सरकार ने बड़ा फैसला करते हुए मासिक पेंशन राशि में इजाफा किया है। इसके तहत पेंशन राशि को 1250 से बढ़ाकर 1300 रुपए किया गया है। बढ़ी हुई राशि 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएगी।
दरअसल, राजस्थान न्यूनतम आय गारंटी अधिनियम, 2023 के प्रावधानों की अनुपालना में राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि में वृद्धि करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। जारी आदेशों के अनुसार वृद्धावस्था, विधवा या एकलनारी, दिव्यांगजन तथा लघु एवं सीमान्त कृषकों को दी जाने वाली मासिक पेंशन राशि 1250 से बढ़ाकर 1300 कर दी गई है। इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 91 लाख पेंशनर्स को सीधा लाभ मिलेगा।
फरवरी से देय होगी बढ़ी हुई राशि
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने बताया कि पेंशन वृद्धि से राज्य सरकार पर प्रतिवर्ष लगभग 550 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा, लेकिन सरकार जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए यह निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि यह कदम अंत्योदय की भावना को सशक्त करेगा।गहलोत ने बताया कि बढ़ी हुई राशि 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएगी तथा फरवरी 2026 से देय होगी। मुख्यमंत्री भजनलाल के नेतृत्व वाली राज्य सरकार समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के सम्मानजनक जीवन के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन राशि में यह बढ़ोतरी सामाजिक सुरक्षा को और मजबूत करेगी तथा लाभार्थियों को आर्थिक संबल प्रदान करेगी।
किसे मिलेगी बढ़ी पेंशन
इसमें वृद्धावस्था पेंशन, विधवा या एकल नारी पेंशन, मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन सम्मान पेंशन और लघु एवं सीमांत कृषक सम्मान पेंशन पाने वाले सभी पात्र नागरिक शामिल हैं।






