Hindi News

हनुमान बेनीवाल ने दी सनसनीखेज चेतावनी: ‘सीएम भजनलाल की जाति पर उठे गंभीर सवाल, जल्द करूंगा बड़ा खुलासा’

Written by:Deepak Kumar
Published:
हनुमान बेनीवाल ने दी सनसनीखेज चेतावनी: ‘सीएम भजनलाल की जाति पर उठे गंभीर सवाल, जल्द करूंगा बड़ा खुलासा’

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के प्रमुख और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल रविवार (17 अगस्त) को जोधपुर पहुंचे। सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें सीएम की जाति पर शक है। बेनीवाल ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री का हलफनामा मंगवाया है और उसे पढ़ने के बाद जल्द ही उनकी जाति का खुलासा करेंगे। उन्होंने कहा, “मैं जनता के सामने पूरी सच्चाई रखूंगा। यह सिर्फ राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि पारदर्शिता का सवाल है।”

जोजरी नदी पर सरकारों की लापरवाही

हनुमान बेनीवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की हाल ही में जोधपुर यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि सीएम को जोजरी नदी पर कोई ठोस घोषणा करनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जोजरी नदी में गिर रहे केमिकल युक्त पानी से क्षेत्र में बीमारियां फैल रही हैं और जमीन खराब हो रही है। बेनीवाल ने स्पष्ट किया, “कांग्रेस और बीजेपी दोनों सरकारों ने इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया। विपक्ष का असली काम आज आरएलपी कर रही है। आरएलपी का जवान ही जनता की लड़ाई लड़ रहा है।”

बिहार चुनाव में इंडिया गठबंधन का समर्थन

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव पर भी हनुमान बेनीवाल ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वे इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं और वोट चोरी के खिलाफ पहले भी आवाज उठा चुके हैं। बेनीवाल ने कहा, “अगर मुझे बिहार चुनाव में प्रचार के लिए बुलाया जाएगा तो मैं जरूर जाऊंगा, लेकिन अगर नहीं बुलाया गया तो वैसे भी मैं फ्री नहीं हूं। मेरा ध्यान पहले राजस्थान की जनता और उनकी समस्याओं पर है।”

आरएलपी जनता की आवाज बन रही

हुनमान बेनीवाल ने आरएलपी की भूमिका को जोर देकर बताया और कहा कि पार्टी हर स्तर पर जनता की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेती, तो आरएलपी मुद्दों को उठाने में पीछे नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी किसानों, मजदूरों और सामान्य जनता के हितों के लिए हमेशा खड़ी रहेगी। बेनीवाल ने जोधपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान यह भी कहा कि राजनीतिक स्थिरता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जनता को जागरूक होना होगा।