स्थानीय निकाय चुनावों के लिए राजस्थान को EVM देगा मध्य प्रदेश, दोनों प्रदेशों के बीच हुआ एमओयू

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान ईवीएम की सुरक्षा, परिवहन, भंडारण एवं संचालन की जिम्मेदारी संबंधित प्रोटोकॉल के तहत सुनिश्चित की जाएगी।
MP Rajasthan Election Commission MoU

राजस्थान में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के सुचारु, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग एवं मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के बीच  मंगलवार को सचिवालय स्थित राज्य निर्वाचन आयोग में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह एमओयू मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग एवं राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग के बीच ईवीएम उपलब्धता एवं उपयोग से संबंधित पूर्व में किए गए समझौते का विस्तार है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बताया कि इस एमओयू के अंतर्गत मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग को स्थानीय निकाय चुनावों के लिए कुल 30 हजार कंट्रोल यूनिट एवं 60 हजार बैलेट यूनिट किराये पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इन ईवीएम का उपयोग प्रदेश में नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में किया जाएगा।

राजस्थान निर्वाचन आयोग ने जताया आभार 

एमओयू की शर्तों के मुताबिक ईवीएम की आपूर्ति, उपयोग, रख-रखाव, सुरक्षा एवं वापसी से संबंधित सभी शर्तें भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएंगी। राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग ने मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आपसी समन्वय एवं सहयोग लोकतंत्र को मजबूत करने के साथ – साथ चुनावी प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष व सुदृढ़ बनाएगा।

अधिकृत इंजीनियर करेंगे तकनीकी सहयोग 

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान ईवीएम की सुरक्षा, परिवहन, भंडारण एवं संचालन की जिम्मेदारी संबंधित प्रोटोकॉल के तहत सुनिश्चित की जाएगी। ईवीएम के तकनीकी परीक्षण (एफएलसी), मरम्मत एवं आवश्यक तकनीकी सहयोग का कार्य भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (ईसीआईएल), हैदराबाद के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा किया जाएगा।

ये अधिकारी रहे मौजूद 

इस बैठक में राज्य निर्वाचन आयुक्त, राजस्थान राजेश्वर सिंह, राज्य निर्वाचन आयुक्त मध्य प्रदेश मनोज कुमार श्रीवास्तव, सचिव राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान राजेश वर्मा, सचिव मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग दीपक सिंह सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews