राजगढ़। जिले के कुरावर-कालापीपल मार्ग पर गुरुवार शाम अचानक एक कार में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। खैड़ी मोहल्ले के पास कुछ युवक स्विफ्ट डिजायर कार को धक्का देकर स्टार्ट करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान बार-बार सेल्फ लगाने के बाद अचानक कार से आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वह बीच सड़क पर धू-धूकर जलने लगी।
कार में आग लगते ही आसपास मौजूद लोग सुरक्षित दूरी पर चले गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और नगर परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।
ये भी पढ़ें
बीच सड़क कार में आग, दोनों तरफ लगा जाम
जलती कार के कारण कुरावर-कालापीपल मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और आग बुझने के बाद यातायात सामान्य कराने की कोशिश की।
प्रत्यक्ष तौर पर घटना बार-बार कार स्टार्ट करने की कोशिश के दौरान हुई, हालांकि आग लगने की वास्तविक तकनीकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार को आग की तेज लपटों में घिरा देखा जा सकता है।
