बीमार बेटे का इलाज और बेटी की शादी की पाई-पाई लूटी, रतलाम में चोरी की सनसनीखेज वारदात

रतलाम के बिरियाखेड़ी में चोरों ने तीन सूने मकानों से लाखों रुपये के जेवर और नकदी पार कर दिए। पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है।
बीमार बेटे का इलाज और बेटी की शादी की पाई-पाई लूटी, रतलाम में चोरी की सनसनीखेज वारदात

रतलाम के औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित बिरियाखेड़ी में रविवार की रात बदमाशों ने कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दीं। चोरों ने एक ही इलाके के तीन सूने मकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और डेढ़-दो लाख रुपये नकद पार कर दिए।

हैरान करने वाली बात यह है कि जिन घरों में चोरी हुई, उनके मकान मालिक किसी न किसी मजबूरी या विपदा के कारण घर से बाहर गए हुए थे। इलाके में बेखौफ घूमते दो चोर सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुए हैं, जिसके आधार पर पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

अस्पताल में भर्ती था बीमार बेटा, चोर ले उड़े बेटी की शादी के पैसे

पहली वारदात लोडिंग वाहन चालक अनवर हुसैन के घर हुई। उनका 20 साल का बेटा काफी बीमार था, जिसके इलाज के लिए वे पूरे परिवार के साथ जिला अस्पताल में रुके हुए थे। इसी बात का फायदा उठाकर चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने अलमारी खंगालकर 6 जोड़ी चांदी की पायल, सोने के मोती, चांदी का ब्रेसलेट, चेन, सोने की अंगूठियां और लॉकेट के साथ-साथ डेढ़ लाख रुपये नकद समेट लिए। अनवर हुसैन ने बताया कि 6 महीने बाद उनकी बेटी की शादी है और उन्होंने यह रकम शादी की तैयारियों के लिए जोड़कर रखी थी।

नानाजी के इंतकाल पर गांव गया था परिवार

दूसरी चोरी भी एक लोडिंग ड्राइवर नोसेर खान के घर हुई। नोसेर के नानाजी का निधन हो गया था, जिस वजह से वे पिछले तीन दिनों से परिवार समेत जावरा के पास स्थित डोडियाना गांव गए हुए थे। सुबह जब पड़ोसियों की नज़र टूटे तालों पर पड़ी, तब उन्होंने फोन करके नोसेर को खबर दी। जब वे घर पहुंचे तो पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। चोर उनके घर से सोने का मंगलसूत्र, 1300 ग्राम चांदी की 8 जोड़ी पायल, बच्चों के कंगन, कान के टॉप्स और 1.80 लाख रुपये नकद लेकर चंपत हो गए।

तीसरे मकान का हिसाब बड़ौदा से मालिक के लौटने पर होगा साफ

तीसरा निशाना इमरान रंगरेज का घर बना। इमरान अपने इलाज के सिलसिले में बड़ौदा गए हुए थे। पड़ोसियों से घर का ताला टूटने की सूचना मिलते ही वे बड़ौदा से रतलाम के लिए रवाना हो गए हैं। उनके घर से कुल कितनी नकदी और सामान चोरी हुआ है, इसका सही अंदाजा उनके लौटने और घर का मुआयना करने के बाद ही लग पाएगा।

CCTV में कैद हुई बदमाशों की हरकत

रहवासी इलाके में बेखौफ घूम रहे चोरों की करतूत पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में दो चोर हाफ पैंट (चड्ढी) और टी-शर्ट पहने नजर आ रहे हैं। एक जगह जब एक चोर की नजर सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी, तो उसने नीचे से पत्थर उठाकर कैमरे की तरफ फेंका ताकि अपनी पहचान छिपा सके।

मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। औद्योगिक थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और संदिग्धों की निशानदेही की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही गिरोह को ट्रेस कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews