Hindi News

रतलाम में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी का पुतला फूंका, 33% महिला आरक्षण लागू करने की मांग की, पढ़ें खबर

Written by:Rishabh Namdev
Published:
मध्यप्रदेश के रतलाम में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की। इसके साथ ही पीएम मोदी का पुतला जलाकर नाराजगी जताई है।
रतलाम में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी का पुतला फूंका, 33% महिला आरक्षण लागू करने की मांग की, पढ़ें खबर

मध्यप्रदेश के रतलाम में बुधवार को महिला कांग्रेस ने महिला आरक्षण को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया है। दरअसल वार्ड क्रमांक 1 के गांधी नगर इलाके में हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने पीएम नरेंद्र मोदी का पुतला जलाकर विरोध जताया है। उनका कहना है कि संसद में पास हो चुके 33 प्रतिशत महिला आरक्षण कानून को अभी तक लागू नहीं किया गया है। वहीं प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द से जल्द महिला आरक्षण लागू करने की मांग दोहराई है।

दरअसल कार्यकर्ताओं का कहना है कि साल 2023 में संसद में महिला आरक्षण से जुड़ा बिल पास किया गया था लेकिन इसके लागू होने की प्रक्रिया अब तक शुरू नहीं हुई है। इसी मुद्दे को लेकर प्रदेश के अलग-अलग शहरों में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। रतलाम में भी इसी अभियान के तहत महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जाहिर की है।

महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस का विरोध

दरअसल महिला कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना जरूरी है। उनके अनुसार संसद और विधानसभा में महिलाओं की संख्या अभी भी कम है और इसी वजह से लंबे समय से इस कानून की मांग उठती रही है। वहीं प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष यास्मीन शेरानी समेत कई स्थानीय पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने कहा है कि ‘महिला आरक्षण बिल संसद में पास होने के बाद भी अगर उसे लागू करने में देरी होती है तो इसका फायदा महिलाओं को नहीं मिल पाएगा।’

पुलिस के पहुंचने से पहले जलाया गया पुतला

वहीं इस प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया है। प्रदर्शन के दौरान पुतले पर प्रधानमंत्री का नाम लिखा हुआ था और कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए अपनी मांग रख रहे थे। जानकारी के मुताबिक पुतला दहन की सूचना पुलिस को बाद में मिली। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक प्रदर्शनकारी अपना विरोध दर्ज कर चुके थे और कार्यक्रम समाप्त हो चुका था। हालांकि स्थानीय नेताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से किया गया और इसका उद्देश्य सरकार का ध्यान महिला आरक्षण की मांग की ओर खींचना था।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews