कुंभ स्नान कराएगी मप्र सरकार, चार शहरों से रवाना होंगी स्‍पेशल ट्रेन

prayag-kumbh-special-train-from-madhya-pradesh--

भोपाल| उत्‍तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे कुंभ मेले में अब सरकार की ओर से प्रदेश के लोग भी स्नान करने जाएंगे| अब कमलनाथ सरकार लोगों को कुम्भ यात्रा कराएगी|  मुख्यमंत्री कमलनाथ के निर्देश पर 12 फरवरी से प्रयागराज कुंभ मेला के लिये मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना के अंतर्गत विशेष ट्रेन रवाना होगी। इसमें रवाना हो रहे 3600 तीर्थ-यात्री कुंभ मेले का पुण्य लाभ ले सकेंगे। 12 से 24 फरवरी के बीच 4 शहरों से यह ट्रेनें रवाना होगी| वहीं प्रत्येक ट्रेन में तीर्थ-यात्रियों की देख-रेख के लिये दस-दस सुरक्षाकर्मी भी साथ रहेंगे। यह यात्रा पाँच दिन की होगी।

 हबीबगंज रेल्वे स्टेशन से 12 फरवरी को यात्रा की शुरूआत होगी। बुरहानपुर से 14 फरवरी, शिवपुरी से 22 फरवरी और परासिया से 24 फरवरी को कुंभ मेला के लिये विशेष ट्रेन रवाना होंगी। इनमें भोपाल, विदिशा, सागर, दमोह, बुरहानपुर, खण्डवा, हरदा, जबलपुर, परासिया, शिवपुरी, अशोकनगर, गुना, इटारसी, कटनी, नरसिंहपुर के तीर्थ-यात्री शामिल होंगे। प्रत्येक ट्रेन में तीर्थ-यात्रियों की देख-रेख के लिये दस-दस सुरक्षाकर्मी साथ रहेंगे। यात्रा पाँच दिन की होगी। हबीबगंज से जाने वाली ट्रेन में भोपाल, विदिशा, सागर और दमोह के 900 तीर्थ-यात्री शामिल होंगे। बुरहानपुर से रवाना हो रही ट्रेन में बुरहानपुर-खण्डवा-हरदा-जबलपुर के 900, शिवपुरी-अशोकनगर-कटनी के 900 और परासिया से जाने वाली ट्रेन में परासिया-छिंदवाड़ा-बैतूल-इटारसी-होशंगाबाद-नरसिंहपुर के 900 तीर्थ-यात्री यात्रा में शामिल होंगे।

भोजन-रुकने की भी व्यवस्था 

यात्रियों के लिये भोजन, चाय, नाश्ता, रूकने की व्यवस्था और तीर्थ-स्थल तक बसों से ले जाने और लाने के लिये गाइड की व्यवस्था रहेगी। कुंभ जाने वाले तीर्थ-यात्रियों से अपने व्यक्तिगत उपयोग की सामग्री अपने साथ रखने के लिये कहा गया है।

Mp Breaking News
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews