रीवा-सीधी नेशनल हाईवे-39 पर बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। बदवार स्टैंड के पास एक बस और बल्कर की जोरदार भिड़ंत के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही गुढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आ रही है। घायलों को एंबुलेंस के साथ पुलिस के वाहनों से भी अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए हैं और पुलिस की प्राथमिकता घायलों को जल्द से जल्द इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की है।
मृतकों की संख्या की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं
प्रारंभिक जानकारी में हादसे में दर्जनभर से अधिक लोगों की मौत की बात सामने आ रही है, लेकिन फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में मृतकों की निश्चित संख्या बताना अभी जल्दबाजी होगी। हादसा कितना भीषण था और बस में कितने यात्री सवार थे, इसकी पूरी जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है।
बचाव कार्य जारी
राहत एवं बचाव कार्य जारी है। घायलों को अस्पताल भेजने के साथ पुलिस घटनास्थल पर स्थिति संभालने में जुटी है। हादसे के कारण और मृतकों व घायलों की सही संख्या को लेकर पुलिस-प्रशासन की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।






