
Rewa News : मध्य प्रदेश के रीवा जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां चोरों के हौसले बुलंद हो चुके हैं। बता दें कि दो युवक ज्वेलर्स की दुकान में पहुंचे और जेवरात खरीदने के बहाने लाखों के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। जिसकी पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पूरे मार्केट में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में पुलिस को इसकी सूचना दी गई। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। आइए जानते हैं विस्तार से…
इस जगह का मामला
दरअसल, मामला विश्वविद्यालय थाना अन्तर्गत गायत्री नगर का है। जब दो बाइक सवार युवक सपना सोनी की ज्वेलर्स की दुकान पहुंचे और नाक में पहने जाने वाली कील खरीदी, जिसके लिए उन्होंने 1500 रूपए कैश पेमेंट किया। बाद में फिर वह दुकानदार को चकमा देकर जेवर से भरा डिब्बा लेकर फरार हो गए, जिसमें 5 सोने की अंगूठियां और 3 सोने के टॉप्स थे। जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई जा रही है।
चोरों की तलाश शुरू
वहीं, मामले को लेकर रीवा एसपी विवेक सिंह ने बताया कि पुलिस को जैसे ही सूचना मिली वैसे ही घटनास्थल पर पहुंच कर शिकायत दर्ज की गई और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार करने का आश्वासन भी दिया गया है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

