मध्यप्रदेश में नशे के खिलाफ कार्रवाई निरंतर ही जारी है। विभिन्न जिलों में पुलिस नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा सकते हुये तस्करों को सलाखों के पीछे भेज रही है। ताजा मामला सतना जिले से सामने आया है जहां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुये एक क्विंटल से ज्यादा गांजा जब्त किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बता दें कि जिले के नागौद थाना क्षेत्र के डुड़हा गांव के पास नहर में लावारिस हालत में मिली तीन बोरियों से पुलिस ने करीब 1 क्विंटल 7 किलोग्राम गांजा बरामद किया है जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 75 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

लावारिस पड़ी मिली गांजे की खेप

जानकारी अनुसार, बुधवार रात पुलिस को गांजा रखे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पोड़ी चौकी की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान नहर के पास लावारिस हालत में पड़ी तीन बोरियां मिलीं। पुलिस ने जब बोरियों की जांच की तो उनमें गांजा भरा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने गांजे को जब्त कर लिया।

पुलिस जांच में जुटी

गांव के पास नहर में गांजे की बड़ी खेप मिलने के बाद पुलिस अब इसके स्रोत और तस्करी से जुड़े लोगों का पता लगाने में जुटी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जायेगा कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में आरोपियों की तलाश की लेकिन कोई भी संदिग्ध नजर नहीं आया।

गौरतलब है कि सतना जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज है। पिछले 15 दिन की बात करें तो अब तक करीब 3 क्विंटल 54 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 36 लाख 12 हजार 500 रुपये बताई गई है। वहीं कुल तीन आरोपियों गिरफ्तारी भी है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।