सतना में सोमवार शाम हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद नाराज परिजन और ग्रामीण धरने पर बैठ गए। सभी ने लगभग 5 घंटे तक शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। जब निर्माण कंपनी की ओर से उन्हें आर्थिक सहायता का भरोसा दिया गया, उसके बाद प्रदर्शन खत्म हुआ।
यह घटना सतना जिले के जसो थाना क्षेत्र के कोडर गांव के पास की है। सोमवार को यहां 38 वर्षीय गुड्डा कोल शाम करीब 6 बजे बाइक से गुजर रहा था। तभी यहां नहर निर्माण में लगे हुए ट्रक में बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक ने स्पॉट पर ही मौत हो गई
ट्रक ने मारी टक्कर
दरअसल, कोडर गांव के पास संकरी सड़क पर नहर निर्माण चल रहा है। युवक यहीं से गुजर रहा था। जैसे ही बाइक को ट्रक की टक्कर लगी युवक सड़क पर गिर पड़ा। गंभीर चोट की वजह से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
धरने पर बैठे ग्रामीण
युवक के साथ में हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वो यहां शव को सड़क पर रखकर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का कहना था कि निर्माण कंपनी पर कार्रवाई होनी चाहिए और आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए। तकरीबन 5 घंटे तक ग्रामीण प्रदर्शन करते रहे। सूचना मिलने पर जसो और नागौद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस में ग्रामीणों को समझने की कोशिश की लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुए।
आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
शाम से लेकर रात तक ग्रामीण मौके पर बैठे रहे। 5 घंटे के बाद लगभग रात 11 बजे नहर निर्माण कंपनी की ओर से आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया। धरना समाप्त होने के बाद पुलिस में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।






