सीहोर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 41 लाख की अवैध शराब से भरे ट्रक को पकड़ा, दो आरोपी गिरफ्तार

सीहोर पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 325 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Sehore News

सीहोर: मध्यप्रदेश में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पुलिस की कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की जा रही है और तस्करों को पकड़ा जा रहा है। इसी बीच, सीहोर जिले में भी पुलिस ने एमपी से गुजरात में अवैध शराब की तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।

मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने बिलकिसगंज-झागरिया रोड स्थित ग्राम बरखेड़ी पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर एक ट्रक को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक और क्लीनर को गिरफ्तार कर ट्रक से 325 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 41 लाख रुपये बताई गई है।

तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए ट्रक में अवैध शराब को फिल्मी अंदाज में छिपाने का इंतजाम किया था। ट्रक की बॉडी को दो हिस्सों में बांटा गया था। पीछे का बाहरी हिस्सा बड़ा और पूरी तरह खाली रखा गया था जिसमें सिर्फ सीमेंट बिखरी हुई थी ताकि सामान्य जांच के दौरान ट्रक खाली नजर आए और किसी को यह शक न हो कि अंदर शराब छिपी हुई है।

ट्रक में बनाया गुप्त स्थान, फिर छिपाई अवैध शराब

पुलिस ने जब ट्रक रोका और उसकी तलाशी ली तो पुलिस को कुछ शक हुआ। पुलिस ने जैसे ही बारिकी से तलाशी ली तो उनके भी होश उड़ गए। तस्कर ट्रक में एक गुप्त स्थान बनाए हुए थे एवं उसको नट-बोल्ट वाले दरवाजे से बंद किए हुए थे। जिसके बाद पुलिस ने ट्रक चालक और क्लीनर से सख्ती से पूछताछ की। इसके बाद दोनों ने नट-बोल्ट वाले को खोला तो अंदर से भारी मात्रा में एमडी और आरएस व्हिस्की की पेटियां भरी मिलीं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला किया दर्ज

पुलिस ने मामले में जोबट निवासी 24 वर्षीय बबलू चौहान और 33 वर्षीय सिकंदर मंडलोई को गिरफ्तार किया है। जांच में दोनों के पास शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews