शहडोल में बड़ा हादसा टला, कोयले से भरे ट्रक में लगी भीषण आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

शहडोल जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में एनएच-43 पर आधी रात को कोयला लोड ट्रक में आग लगने से हड़कंप मच गया। टक्कर के बाद ट्रक धू-धू कर जलने लगा, लेकिन ड्राइवर की सूझबूझ से जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
Fire in Truck

शहडोल जिले में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने कुछ देर के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। एनएच-43 पर धुरवार टोल प्लाजा के पास कोयले से भरा एक भारी ट्रक आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही सेकंड में ट्रक के इंजन से आग की लपटें उठने लगीं। रात करीब 12 बजे हुए इस हादसे के समय सड़क पर आवाजाही कम थी लेकिन टोल प्लाजा के पास मौजूद कर्मचारियों ने जैसे ही आग देखी, तुरंत सतर्कता दिखाई।

ड्राइवर की सूझबूझ से बची जान

हादसे के बाद ट्रक के इंजन में आग लग चुकी थी और धुआं तेजी से फैल रहा था। ऐसे हालात में ट्रक चालक ने घबराने के बजाय समझदारी दिखाई। आग की लपटें उठती देख उसने तुरंत ट्रक से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई। अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती तो यह हादसा जानलेवा बन सकता था। ट्रक में कोयला लोड था और अगर आग वहां तक पहुंच जाती तो विस्फोट जैसी स्थिति बन सकती थी। चालक की सतर्कता ने न सिर्फ उसकी जान बचाई बल्कि आसपास मौजूद लोगों को भी खतरे से दूर रखा।

टोल कर्मचारियों की तत्परता से टला बड़ा नुकसान

जैसे ही धुरवार टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारियों ने ट्रक में आग लगते देखा उन्होंने बिना समय गंवाए पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। यह त्वरित कार्रवाई बेहद अहम साबित हुई। सोहागपुर थाना पुलिस दमकल वाहन के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। आग काफी तेज थी और इंजन पूरी तरह जल चुका था लेकिन दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि ट्रक में लोड कोयले तक आग नहीं पहुंच पाई।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews