ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 2 करोड़ से अधिक के फ्रॉड का खुलासा

Cyber Fraud, indore crime news

श्योपुर

श्योपुर में ऑनलाइन ठगी की वारदात को अंजाम देने वाला इंटर स्टेट साइबर गैंग का पर्दाफाश हुआ है। श्योपुर पुलिस की एसआईटी (स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम) ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के हत्थे चढ़े साइबर ठग गिरोह से करीब दो करोड़ रुपये की ऑनलाइन ठगी की वारदात किए जाने की जानकारी मिली है। इस गैंग का सरगना पिछले दिनों भोपाल में पकड़ा जा चुका है। बहरहाल पुलिस पकड़े गए गैंग के सदस्यों से कड़ी पूछताछ कर रही है।

एसपी संपत्त उपाध्याय ने इस बड़ी सफलता का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि साइबर ठग गिरोह का इंटर स्टेट कनेक्शन हैं। इस गिरोह के तार देश के कई शहरों में फैले हैं। खास बात यह है कि गिरोह में शामिल सदस्य काफी शातिर है। इन्होंने ऑनलाइन वारदात करने के तरीके खुद ईजाद किए। बाद में देशभर में अपना जाल फैलाया। गिरोह के सदस्य मोबाइल टावर लगवाने सहित लोन दिलाने का झांसा देकर ऑनलाइन वारदातों को अंजाम देते थे। इसके अलावा एटीएम बंद होने की बात कहकर लोगों से पिन व ओटीपी जुटाकर भी गिरोह ने अनेक वारदातें की है। यह गैंग लोन दिलाने व मोबाइल टावर लगवाने के लिए लोगों को शिकार करके उनसे प्रोसेसिंग फीस, साइड सर्वे, फाइल चार्ज के नाम पर मोटी रकम वसूलता था। इनके जाल में फंस चुके कई लोग इस गैंग पर अपने पैसे वापस लेने का दवाब बनाते थे तो गैंग के सदस्य प्रोजेक्ट कैंसिलेशन के नाम पर भी मोटी रकम वसूलते थे। अब तक गैंग के द्वारा करीब 2 करोड़ रुपए की साइबर ठगी करने की घटनाएं सामने आई हैं। इनके पास से लैपटॉप से लेकर मोबाइल आदि का जखीरा मिला है जिसमें फिंगर स्क्रैनर मशीन सहित बैंकों के अकाउंट से जुड़ी जानकारी भी है।

इस गैंग को पकड़ने में श्योपुर पुलिस की एसआईटी टीम ने बेहतरीन काम किया है। इस टीम को एडिशनल एसपी पीएल कुर्वे और एसटीओपी रामतिलक मालवीय ने लीड किया था। टीम में शामिल देहात थाना प्रभारी गौरव शर्मा, उप निरीक्षक अंशुल अरोरा, मानपुर थाना प्रभारी शिवराम कंषाना, ढोढर थाना प्रभारी विकास तोमर सहित प्रधान आरक्षक संजय यादव, दिनेश्वरराय पैकरा, हरिओम शर्मा, आरक्षक धर्मेंद्र जादौन, कुलदीप जोशी, कुलदीप जाट, देवेंद्र गुर्जर, केशव रावत, दिनेश कौशल आदि की गैंग का पर्दाफाश करने में सराहनीय भूमिका रही है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews