
Female Sarpanch and husband arrested taking bribe
लोकायुक्त पुलिस ग्वालियर ने एक महिला सरपंच को उसके पति के साथ रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है, दोनों एक किसान के खेत में कपिलधारा योजना के तहत स्वीकृत हुए कुएं के निर्माण के बाद उसका बिल पास करने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत ले रहे थे
लोकायुक्त पुलिस ग्वालियर एसपी निरंजन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम जूंगीपूर तहसील पिछोर जिला शिवपुरी निवासी किसान राहुल सिंह यादव ने एक शिकायती आवेदन दिया था जिसमें उन्होंने ग्राम सरपंच और उनके पति पर रिश्वत मांगने के आरोप लगाये थे।
बिल पर हस्ताक्षर करने मांगी 25000/- रुपये रिश्वत
शिकायतकर्ता राहुल सिंह ने बताया ग्राम जूंगीपूर में उसके पिता के खेत मे कपिलधारा योजना में स्वीकृत कूप (कुएं) के निर्माण के उपरांत कूप निर्माण में सामग्री के भुगतान के बिल पर हस्ताक्षर करने के एवज में सरपंच केशवती एवं उनके पति खेमचंद द्वारा 25,000 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
रिश्वत हाथ में आते ही सरपंच और पति गिरफ्तार
शिकायती आवेदन मिलने के बाद इसका सत्यापन कराया गया जिसमें रिश्वत मांगे जाने की बात सही निकली, रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण मिलने के बाद ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने एक दल गठित किया और शिवपुरी भेजा, लोकायुक्त पुलिस के ट्रैप दल ने शिकायतकर्ता राहुल सिंह को सरपंच केश्वती के घर भेजा और जैसे ही उसने रिश्वत की राशि 20 हजार रुपये उसे दिए टीम ने उसे पकड़ लिया। लोकायुक्त पुलिस ने दोनों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर जाँच में ले लिया है।
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

