शिवपुरी में पिछले 4 दिनों में तेज बारिश देखने को मिली। इस बारिश की वजह से लोगों को जहां जलभराव की स्थिति का सामना करना पड़ा। वहीं अब नुकसान की तस्वीरें भी सामने आ रही है। मंगलवार शाम भी एक ऐसा ही नजारा देखने को मिला जब एक मकान का आधा हिस्सा भरभराकर गिर गया।
ये घटना नवाब साहब रोड पर स्थित एक मकान में हुई। मकान का छज्जा, बाथरूम और पीछे का हिस्सा अचानक से गिर गया। ये सारा मलबा सड़क पर फैल गया। गनीमत ये रही कि इसकी चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
भरभराकर गिरा मकान
जब मकान का हिस्सा ढहा उस समय वहां 3 मोटरसाइकिल खड़ी हुई थी। ये तीनों मलबे में दब गई है। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में मदद की। इसमें दबी बाइकें क्षतिग्रस्त हो गई है।
हुआ लाखों का नुकसान
मकान गिरने की इस घटना में मालिक का नुकसान भी हुआ है। जो बाइक मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हुई है, उनकी कीमत लगभग ढाई लाख रुपए है। वहीं मकान का जो हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है उसे बनाने में भी फिर से लाखों का खर्च आने का अनुमान है। ऐसे में इस घटना ने मकान मालिक को लाखों रुपए के नुकसान में डाल दिया है।
नहीं हुआ कोई हताहत
इस घटना के समय गनीमत यह रही की कोई भी व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने परिवार की मलबा हटाने में मदद भी की। परिवार ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण करने की मांग की है और नियमों के अनुसार राहत और मुआवजा दिलाने को भी कहा है।
मकान मालिक सुनील रजक का कहना है कि चार दिनों से हो रही बारिश की वजह से मकान कमजोर हो गया था। जब मकान गिरा तो अंदर रखा सामान भी खराब हो गया है। ऐसे में वो प्रशासन से मदद की उम्मीद कर रहे हैं।






