शिवपुरी पुलिस कंट्रोल रूम में शुरू हुआ ‘झूला घर’, ड्यूटी के बीच बच्चों की देखभाल की चिंता होगी दूर, आधुनिक सुविधाओं से लैस

शिवपुरी एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने पुलिस कंट्रोल रूम में महिला पुलिसकर्मियों के बच्चों की देखभाल के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस ‘झूला घर’ शुरू किया गया है। महिला पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान बड़ी राहत मिलेगी।
Shivpuri Jhula Ghar

शिवपुरी: ड्यूटी के दौरान छोटे बच्चों की देखभाल पुलिसकर्मियों के लिए हमेशा से बड़ी चिंता रही है खासकर महिला पुलिसकर्मियों के लिए। अब शिवपुरी पुलिस विभाग ने इस परेशानी से निजात दिलाने के लिए एक अनोखी और शानदार पहल शुरू की है। इस पहल से महिला पुलिसकर्मियों को ड्यूटी की जिम्मेदारियों के बीच बेहतर तालमेल बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही अपने छोटे बच्चों की देखभाल की चिंता से काफी राहत मिलेगी।

बता दें कि पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया ने शिवपुरी पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रुम में आधुनिक सुविधाओं से लैस ‘झूला घर’ का शुभारंभ किया है। ड्यूटी के दौरान महिला पुलिसकर्मियों के बच्चों की देखरेख के लिए शिवपुरी पुलिस ने सराहनीय पहल की है। झूला घर में बच्चों के मनोरंजन, शिक्षा और पोषण के साथ उनकी सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

‘झूला घर’ में बच्चों के लिए हर सुविधा का इंतजाम

इस ‘झूला घर’ की खास बात यह है कि इसमें बच्चों के मनोरंजन के लिए खिलौने, शैक्षिक सामग्री, सोने की व्यवस्था, पौष्टिक खान-पान और पेंट्री एरिया बनाया गया है। इतना ही नहीं बच्चों की गतिविधियों और देखरेख के लिए स्टाफ की व्यवस्था भी की गई है। वहीं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कमरों एवं परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

बता दें कि पुलिस विभाग में कई महिला पुलिसकर्मी ऐसी हैं जिनके लिए ड्यूटी के दौरान छोटे बच्चों की देखरेख करना काफी मुश्किल हो जाता है। एक तरफ वर्दी में ड्यूटी की जिम्मेदारी और दूसरी तरफ बच्चों की देखभाल का दायित्व, ऐसे में पुलिस कंट्रोल रूम का यह ‘झूला घर’ बच्चों के लिए सुरक्षित ठिकाना और महिला पुलिसकर्मियों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आया है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews