मध्य प्रदेश के अलग अलग जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई तो लगातार देखने को मिल रही है। इसी बीच शिवपुरी में भी महिलाओं का भी अवैध शराब के खिलाफ जबरदस्त विरोध देखने को मिला। यहां महिलाओं ने शराब सप्लाई कर रहे दो लोगों को घेर लिया।

यह मामला शिवपुरी के करैरा क्षेत्र का है, जहां महिलाओं का विरोध देखने को मिला है। यहां के समोहा गांव में शराब की पेटियां लेकर पहुंचे दो बाइक सवारों को महिलाओं ने घेर लिया। दोनों ने भागने की कोशिश। इनमें से एक पकड़ में आ गया और दूसरा भाग निकला। इसके बाद महिलाओं ने शराब की पेटियां सड़क पर फेंक कर उन्हें आग के हवाले कर दिया।

युवक को पुलिस को सौंपा

शराब की पेटियों को आग लगाने के बाद महिलाओं ने पकड़े गए युवक को रस्सियों के जरिए खंभे से बांध दिया। इतना सब होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी लगते ही करैरा पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाने लेकर गई।

महिलाओं का कहना बंद हो शराब बिक्री

इस व्यक्ति को पकड़ने वाली महिलाओं ने या आरोप लगाया है कि उनके गांव में तीन जगह ऐसी है, जहां पर अवैध शराब की धड़ल्ले से बिक्री की जा रही है। महिलाओं ने यह भी बताया है कि कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो परचून की दुकान की आड़ में शराब की बिक्री कर रहे हैं। इस तरह के माहौल से गांव में रहने वाले परिवारों पर बुरा असर पड़ रहा है। महिलाओं का कहना है कि इस वजह से बच्चों पर भी गलत प्रभाव पड़ रहा है और आर्थिक स्थिति भी डगमगा रही है। उन्होंने जल्द से जल्द अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है।

युवक के खिलाफ कार्रवाई

युवक को अपने साथ थाने ले जाने के बाद पुलिस ने पूछताछ शुरू की। इस दौरान व्यक्ति ने अपना नाम सुरेंद्र राय बताया। ये भी सामने आया कि वो एक अन्य साथी के साथ शराब की पेटियां लेकर जा रहा था। पूछताछ के बाद युवक के खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच पड़ताल करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।