MP Election 2023 : सीएम शिवराज ने सिंगरौली में तेंदूपत्ता संग्राहकों को अपने हाथ से पहनाई चप्पल, कई बड़ी घोषणाएं

MP Election 2023 : सीएम शिवराज ने सिंगरौली में तेंदूपत्ता संग्राहकों को अपने हाथ से पहनाई चप्पल, कई बड़ी घोषणाएं

MP Election 2023 : सीएम शिवराज सिंह चौहान बुधवार को सिंगरौली जिले के सरई में विकास पर्व कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होने ‘मुख्यमंत्री चरण पादुका योजना के तहत’ महिलाओं को चप्पल, साड़ी, पानी की कुप्पी दी। इस दौरान उन्होने वहां उपस्थित कुछ बहनों को अपने हाथ से चप्पल भी पहनाई। मुख्यमंत्री ने 693 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों के लोकार्पण किया। यहां उन्होने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की।

अपने हाथ से पहनाई चप्पल

मुख्यमंत्री ने सिंगरौली जिले के सरई में विकास पर्व के दौरान तेंदूपत्ता संग्राहकों को मुख्यमंत्री चरण पादुका योजना में चरण पादुकाएँ, पानी की कुप्पी और साड़ी प्रदान की। उन्होने तेंदूपत्ता संग्राहक रामकली साकेत, भैयालाल, धर्मराज तथा अन्य हितग्राहियों को अपने हाथों से चरण पादुका भी पहनाई। इस मौके पर उन्होने कहा है कि ‘जब मेरी तेंदूपत्ता संग्राहक बहने नंगे पांव जंगलों में तेंदूपत्ता तोड़ने जाती थीं और उनके पैर में काँटा चुभता था तो मुझे बहुत दर्द होता था। भाई मुख्यमंत्री हो, तो बहन नंगे पैर क्यों चले। इसे ध्यान में रख हमने मुख्यमंत्री चरण पादुका योजना बनाई। योजना में प्रदेश के 15 लाख तेंदूपत्ता संग्राहक भाई-बहनों को चप्पल, साड़ी, पानी की कुप्पी दी जाती है। अब निर्णय लिया गया है कि संग्राहकों को छाता भी दिया जाये। इसके लिये 200-200 रूपये की राशि उनके खातों में भिजवाई जा रही है।’

प्रमुख घोषणाएं

यहां मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई प्रमुख घोषणाएँ भी कीं। उन्होने कहा कि शासकीय महाविद्यालय परका और सरई में विज्ञान एवं कॉमर्स की कक्षाएँ प्रारंभ होंगी। सिंगरौली क्षेत्र में बैगाओं को अति पिछड़ी जनजाति में शामिल किया जायेगा। निवास में उप तहसील कार्यालय और कॉलेज खोला जायेगा। ग्राम माड़ा रजमिलान, खुटार और सरई में सीएम राइज स्कूल खुलेंगे। सीएम ने 693 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण/भूमि-पूजन किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरण भी किया। लाड़ली लक्ष्मी, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, स्व-सहायता समूह क्रेडिट लिंकेज, मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता, प्रधानमंत्री मातृ वंदना तथा मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया गया।

सीएम शिवराज ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार, दोनों निरंतर गरीबों की सेवा और कल्याण के कार्य करती रहती हैं। उन्होने कहा कि ‘मेरे लिये जनता ही भगवान है। दीन-दुखियों की सेवा भगवान की सेवा से बढ़ कर है। मेरा जीवन गरीबों की सेवा के लिये है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी गरीबों को नि:शुल्क अनाज, आवास, स्वास्थ्य एवं सभी आवश्यक सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं। प्रदेश में ऐसे गरीबों, जिनके पास आवास के लिये जमीन नहीं है, को मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना में पट्टे दिये जा रहे हैं।’ समारोह स्थल के प्रारंभ में मुख्यमंत्री का गुदुम्ब बाजा, शैला तथा गेंड़ी नृत्य से स्वागत किया गया। लाड़ली बहना सेना तथा जनजाति हितग्राहियों ने मोर पंख की पगड़ी पहनाकर उनका सम्मान किया।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews