IAS संतोष वर्मा के बयान पर सिंगरौली में बवाल, सर्व ब्राह्मण समाज समेत कई संगठनों ने की FIR की मांग

आईएएस संतोष वर्मा के एक कथित विवादित बयान को लेकर सिंगरौली में सर्व ब्राह्मण समाज और अन्य संगठनों ने उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बैढ़न कोतवाली का घेराव कर अधिकारी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
IAS संतोष वर्मा के बयान पर सिंगरौली में बवाल, सर्व ब्राह्मण समाज समेत कई संगठनों ने की FIR की मांग

सिंगरौली। आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण समाज पर की गई कथित टिप्पणी का विवाद अब सिंगरौली तक पहुंच गया है। बुधवार को सर्व ब्राह्मण समाज के नेतृत्व में कई सामाजिक संगठनों ने बैढ़न कोतवाली के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कोतवाली परिसर में धरने पर बैठ गए और वर्मा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल FIR दर्ज करने की मांग पर अड़ गए।

विरोध प्रदर्शन के कारण कोतवाली परिसर में तनाव का माहौल बन गया, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक अधिकारी पर कानूनी कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

‘समाज का अपमान बर्दाश्त नहीं’

विरोध की अगुवाई कर रहे सर्व ब्राह्मण समाज के कार्यकारी अध्यक्ष अमित द्विवेदी ने अधिकारी के बयान को अस्वीकार्य बताया।

“समाज की बेटियों पर की गई टिप्पणी घोर निंदनीय है। प्रशासनिक पद पर बैठे व्यक्ति से ऐसी भाषा की उम्मीद नहीं की जा सकती। जब तक आरोपी अधिकारी पर कार्रवाई नहीं होती, सिंगरौली में सर्व समाज का यह आंदोलन जारी रहेगा।” — अमित द्विवेदी, कार्यकारी अध्यक्ष, सर्व ब्राह्मण समाज

इस प्रदर्शन में करणी सेना और साहू समाज सहित कई अन्य संगठन भी शामिल हुए। करणी सेना के जिलाध्यक्ष बबलू सिंह ने आरोप लगाया कि संतोष वर्मा ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए एक पूरे समाज को अपमानित किया है। उन्होंने कहा कि FIR दर्ज होने तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।

निलंबन और बर्खास्तगी की मांग

प्रदर्शन में शामिल साहू समाज के प्रतिनिधियों ने भी संतोष वर्मा के बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने मंच से अधिकारी के निलंबन और सेवा से बर्खास्तगी की मांग उठाई। इस विरोध प्रदर्शन में महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की है और ऐसा न होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है। फिलहाल, प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

(सिंगरौली से राघवेन्द्र सिंह गहरवार की रिपोर्ट)

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews