सिंगरौली में अवैध रेत परिवहन ने ली आदिवासी किसान की जान, रेत ट्रैक्टर रोकने का कर रहा था प्रयास, बीजेपी नेता पर हत्या का आरोप

कांग्रेस ने सिंगरौली घटना को 'मोहन का जंगलराज' कहा है। उसने आरोप लगाया कि ये खनन माफिया बीजेपी से जुड़े हुए हैं। वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि अगर दलित और आदिवासियों पर ऐसे ही अत्याचार होता रहा तो वो जल्द ही सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर आएँगे और इस संघर्ष में वे सबसे आगे रहेंगे।
सिंगरौली में अवैध रेत परिवहन ने ली आदिवासी किसान की जान, रेत ट्रैक्टर रोकने का कर रहा था प्रयास, बीजेपी नेता पर हत्या का आरोप

Singrauli Illegal Mining : सिंगरौली जिले के देवसर विधानसभा क्षेत्र में सरई थाना अंतर्गत बरका चौकी क्षेत्र में रेत माफिया द्वारा एक आदिवासी युवक को ट्रैक्टर से कुचलकर मौत के घाट उतारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक़ गन्नई गांव के गरीब आदिवासी किसान इंद्रपाल अगरिया के ऊपर बीती रात्रि रेत माफियाओं ने ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस घटना को लेकर कांग्रेस ने मध्य प्रदेश सरकार पर आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि बीजेपी सरकार दलित और आदिवासी उत्पीड़न रोकने में पूरी तरह नाकाम रही है। विपक्ष ने कहा है कि आरोपी रेत माफिया बीजेपी से जुड़े हुए हैं और मध्य प्रदेश में इनकी गुंडागर्दी अब चरम पर पहुंच गई है। वहीं, जीतू पटवारी ने सड़क पर उतरकर सरकार के ख़िलाफ़ आंदोलन की चेतावना दी है।

पुलिस ने कहा ‘कार्रवाई की जा रही है’

जानकारी के मुताबिक़ आदिवासी युवक ने अपनी खेत की खड़ी फसल पर ट्रैक्टर ले जाने के लिए मना किया था जो रेत माफियाओं को नागवार गुजरा और उन्होंने ट्रैक्टर चढ़ाकर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। देवसर विधानसभा क्षेत्र की इस घटना को लेकर कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा नेता यहाँ अवैध उत्खनन में अनेक वर्षों से लगे हुए हैं गन्नई गांव की पटीर नदी से अवैध रेत खनन करते है। उसका कहना है कि घटना का आरोपी रेत माफिया भाजपा विधायक का खास है इसीलिए पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। हालाँकि पुलिस कहा कहना है कि परिजनों की शिकायत के बाद कार्रवाई की जा रही है।

कांग्रेस ने सरकार पर लगाए आरोप

कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर सिंगरौली घटना को ‘मोहन का जंगलराज’ कहा है। उसने लिखा है कि’ लगता है मप्र में भाजपा और उसके नेता दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों पर अत्याचार की मुहिम पर है! लगातार बढ़ती घटनाओं के क्रम में अब सिंगरौली में अवैध खनन का विरोध करने पर भाजपा नेता ने आदिवासी किसान इंद्रपाल अगरिया को ट्रैक्टर से रौंद डाला। सीएम डॉ मोहन यादव जी, इन रेत माफियाओं के लिए इंसान की जिंदगी इतनी सस्ती किसके दम पर है ? आपकी सरकार का संरक्षण है ? या गतिमान प्रदेश की परिभाषा ? जवाब दीजिए।’

जीतू पटवारी ने दी सड़क पर उतरने की चेतावनी 

वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि ‘मध्यप्रदेश में अंतहीन हो चुके आदिवासी उत्पीड़न की एक और सनसनीखेज घटना अब सिंगरौली से सामने आई है! गन्नई गांव के गरीब आदिवासी इंद्रपाल अगरिया पर रेत माफियाओं ने इसलिए ट्रैक्टर चढ़ा दिया, क्योंकि उसने अपनी फसल पर ट्रैक्टर चढ़ाने से मना किया था! ये आरोपी भी बीजेपी  से जुड़े हुए हैं! इलाके में सालों से अवैध उत्खनन कर रहे हैं! इन्हें संरक्षण कौन और क्यों दे रहा है, यह इलाके का हर शख्स जानता है! सीएम डॉ. मोहन यादव जी, लूट की यह छूट अपराध और अपराधी को संरक्षण दे रही है! गृहमंत्री के रूप में आप चुप हैं! पुलिस-प्रशासन भी माफिया की मदद कर रहा है! जंगलराज ऐसा ही तो होता है! दलित और आदिवासियों का उत्पीड़न यदि इसी तरह जारी रहा तो वह जल्दी ही सरकार के खिलाफ सड़क पर खुला संघर्ष करते नजर आएंगे! इस लड़ाई में मैं भी सबसे आगे रहूंगा!’

सिंगरौली से राघवेंद्र सिंह गहरवार की रिपोर्ट

[dgv_vimeo_video id=”1005345209″]

[dgv_vimeo_video id=”1005345692″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews