जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा शहर, राममय हुए भक्त

singrauli news

Singrauli News : भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में बने भव्य मंदिर की 22 को प्राण प्रतिष्ठा हो रही है। कई सौ वर्षों की प्रतीक्षा के बाद बने भगवान राम की मंदिर तथा प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे भारत देश में जश्र का माहौल है। सिंगरौली जिले में एक दिन पूर्व शोभा यात्रा निकाली गई। जिला मुख्यालय वैढ़न के माजन स्थित शिव मंदिर से विशाल शोभा यात्रा रविवार दोपहर एक बजे निकाली गई। जिसमें रामभक्तों ने जमकर जय श्री राम के नारे लगाये जिससे समूचा जिला मुख्यालय जय श्री राम के नारों से गुंजायमान हो गया और पूरा सिंगरौली शहर भगवा झंडो से पट गया।

बता दें कि शोभा यात्रा माजन मोड़ से निकलकर बिलौजी, ताली होते हुए हनुमान मंदिर पहुंची जहां पूजन के पश्चात शहर का भ्रमण करते हुए रामलीला मैदान पहुंची जहां शोभायात्रा का समापन हो गया। भगवान श्री राम के गानों पर झूमते हुए श्री राम भक्तों की यात्रा को देखकर हर कोई भक्ति रस में झूम उठा। हजारों की संख्या में शामिल रामभक्तों ने रामधुन पर नाचते गाते हुए समूचे माहौल को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। यात्रा में जहां मध्यप्रदेश की राज्यमंत्री राधा सिंह व सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, महापौर रानी अग्रवाल सहित सभी आमजन शामिल रहे।

singrauli news

singrauli news

शोभा यात्रा के संचालन के दौरान पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था देखी गई। जगह-जगह बैरिकेटिंग लगाकर मार्गों को डायवर्ट किया गया तथा चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती देखी गई। शोभा यात्रा में भगवान श्री राम की भव्य झांकियां सम्मिलित रहीं जिसमें भगवान श्री राम तथा माता सीता व लक्ष्मण जी की भव्य झांकी देखी गई वहीं भगवान श्री हनुमान जी की भी झांकी यात्रा की शोभा बढ़ाती रही। भक्ति रस में डूबे रामभक्तों ने जय श्री राम के नारों तथा श्रीराम के भक्तिगीतों की धुनों पर जमकर नृत्य किया और समूचे सिंगरौली जिले के माहौल को भक्तिमय बना दिया।

सिंगरौली से राघवेन्द्र सिंह गहरवार की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews