
हाल ही में बीसीसीआई की ओर से ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया गया है, जिसमें रोहित शर्मा से वनडे टीम की कप्तानी हटाकर शुभमन गिल को सौंप दी गई है। इसके बाद अब यह संभावना जताई जा रही है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली का वनडे वर्ल्ड कप 2027 खेलना मुश्किल हो सकता है। वहीं, अब ऐसी कड़ी में क्रिकेट की दुनिया में मिस्टर 360 डिग्री के नाम से मशहूर एबी डिविलियर्स ने भी बड़ा बयान दिया है। दरअसल, साउथ अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स का कहना है कि इसकी कोई गारंटी नहीं है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली अगला वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं।
बता दें कि विराट कोहली और रोहित शर्मा टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, जबकि हाल ही में टेस्ट क्रिकेट को भी दोनों खिलाड़ियों ने अलविदा कह दिया है। ऐसे में अब दोनों खिलाड़ी केवल वनडे क्रिकेट खेलते हुए नजर आ रहे हैं, लेकिन अब यह कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों ही खिलाड़ी वनडे क्रिकेट से भी जल्द संन्यास का ऐलान कर सकते हैं।
जानिए एबी डिविलियर्स ने क्या कहा?
दरअसल, क्रिकेट के सुपरस्टार खिलाड़ी एबी डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि विराट कोहली और रोहित शर्मा के अगले वनडे वर्ल्ड कप खेलने की उम्मीदें कम हैं। शुभमन गिल को कप्तान बनाते समय भी सिलेक्टर्स की यही सोच रही होगी। इस समय भारत के पास एक युवा लीडर है जो शानदार फॉर्म में चल रहा है। डिविलियर्स ने कहा कि इस समय शुभमन गिल के पास बड़े खिलाड़ियों से सीखने का मौका है, दो अनुभवी खिलाड़ी उन्हें और बेहतर बना सकते हैं। शुभमन गिल के लिए यह अच्छी बात है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा उनके साथ हैं।
मुझे नहीं पता आगे क्या होगा: एबी डिविलियर्स
एबी डिविलियर्स ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली सीरीज में हमें काफी दिलचस्प चीजें देखने को मिल सकती हैं। मुझे नहीं पता आगे क्या होगा, लेकिन मैं ईमानदारी से कहूं तो सब कुछ फॉर्म पर निर्भर करता है या फिर इस बात पर कि वे अब कितना क्रिकेट खेलते हैं। 2027 के वनडे वर्ल्ड कप में अभी काफी समय बाकी है, लेकिन डिविलियर्स के बयान से यह साफ हो रहा है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर उन्हें भी यकीन नहीं है कि वे 2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेलेंगे। विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने भी यह साफ किया था कि दोनों खिलाड़ी 2027 का वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं, यह कंफर्म नहीं है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

