अफगानिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शपूर जादरान की हालत नाजुक, 80 मैच खेलने वाला क्रिकेटर अस्पताल में भर्ती

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के 38 वर्षीय पूर्व तेज गेंदबाज शपूर जादरान गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अस्पताल में भर्ती हैं. उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे लेकर क्रिकेट जगत ने चिंता जताई है और उनके लिए दुआएं मांगी हैं.
अफगानिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शपूर जादरान की हालत नाजुक, 80 मैच खेलने वाला क्रिकेटर अस्पताल में भर्ती

अफगानिस्तान क्रिकेट को शुरुआती दौर में पहचान दिलाने वाले पूर्व तेज गेंदबाज शपूर जादरान इस समय जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे हैं. 38 वर्षीय शपूर गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के चलते अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. मैदान पर अपने जुझारू रवैये के लिए मशहूर रहे इस क्रिकेटर के लिए दुनियाभर से दुआएं मांगी जा रही हैं.

शपूर के परिवार और अफगानिस्तान क्रिकेट से जुड़े सूत्रों ने उनकी गंभीर हालत की पुष्टि की है. जानकारी के मुताबिक, उनके व्हाइट ब्लड सेल काउंट में भारी गिरावट आई है, जिससे स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है. हालांकि, उनकी बीमारी के बारे में अभी तक कोई विस्तृत मेडिकल जानकारी साझा नहीं की गई है.

परिवार ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

शपूर जादरान के भाई घमाई जादरान ने सोशल मीडिया के जरिए उनकी सेहत के बारे में जानकारी दी थी. उन्होंने बताया कि शपूर की तबीयत काफी गंभीर है और उनका इलाज चल रहा है. इस खबर के सामने आने के बाद क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई. कई मौजूदा और पूर्व खिलाड़ियों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.

क्रिकेट जगत ने मांगी दुआएं

शपूर की बिगड़ती सेहत पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने भी चिंता व्यक्त की. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मैदान पर शेर की तरह लड़ने वाला यह गेंदबाज आज जिंदगी की जंग लड़ रहा है और उसे हम सभी की दुआओं की जरूरत है. उनके इस पोस्ट के बाद फैंस और क्रिकेट प्रेमी लगातार शपूर के लिए प्रार्थना कर रहे हैं.

कैसा रहा शपूर जादरान का करियर?

शपूर जादरान अफगानिस्तान क्रिकेट के उन शुरुआती सितारों में से एक हैं, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद देश को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई. उन्होंने 2009 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था. अपने करीब 10 साल के करियर में उन्होंने 44 वनडे और 36 T20 समेत कुल 80 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले.

वनडे में उनके नाम 43 विकेट हैं, जबकि T20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 37 विकेट चटकाए. उनका सबसे यादगार प्रदर्शन 2015 वनडे वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड के खिलाफ आया था. उस मैच में शपूर ने न सिर्फ गेंद से अहम विकेट लिए, बल्कि बल्ले से विजयी रन बनाकर अफगानिस्तान को वर्ल्ड कप में पहली ऐतिहासिक जीत दिलाई थी.

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews