आंद्रे रसेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा, आखिरी मैच को बना दिया यादगार, जानिए क्या कहा

आंद्रे रसेल इंटरनेशनल क्रिकेट से विदाई ले चुके हैं। उन्होंने अपना आखिरी मुकाबला ऑस्ट्रेलिया की टीम के खिलाफ खेला। अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के चलते उन्होंने इस मुकाबले को और भी यादगार बना दिया, हालांकि टीम को जीत नहीं मिल पाई।
Andre Russell

इंटरनेशनल क्रिकेट से एक दिग्गज की विदाई हो चुकी है। वेस्टइंडीज के धाकड़ ऑलराउंडर आंद्रे रसेल इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। उन्होंने बुधवार, 23 जुलाई 2025 को अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला खेला। आखिरी मुकाबले में आंद्रे रसेल ने गजब की बल्लेबाजी की, हालांकि वह अपनी टीम वेस्टइंडीज को जीत नहीं दिला सके। ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को इस मुकाबले में हरा दिया। लेकिन यह मैच वेस्टइंडीज के लिए यादगार बन गया, क्योंकि यह आंद्रे रसेल का आखिरी मैच था।

आंद्रे रसेल के विदाई मुकाबले में उन्हें देखने के लिए हजारों लोग पहुंचे थे। उन्होंने इन दर्शकों को निराश नहीं किया और शानदार बल्लेबाजी की। दरअसल, इस आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज जोश इंग्लिश ने कहर ढा दिया और तूफानी अंदाज में 33 गेंदों में 78 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी।

जानिए कितने रन बनाए

बता दें कि आंद्रे रसेल की उम्र 37 वर्ष हो चुकी है। उन्होंने संन्यास का ऐलान पहले ही कर दिया था। उन्होंने यह साफ कर दिया था कि वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की T20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहेंगे। इसी के चलते उन्होंने जमैका के सबीना पार्क में अपना आखिरी मुकाबला खेला। बता दें कि यह उनका होम ग्राउंड भी है और वह अपने होम ग्राउंड में ही विदाई लेना चाहते थे। मैच की बात की जाए तो आंद्रे रसेल ने 15 गेंदों में दो चौकों और चार छक्कों की मदद से शानदार 36 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 240 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की।

मैच के बाद क्या बोले?

दरअसल, वेस्टइंडीज की टीम मात्र 20 ओवरों में 172 रन ही बना सकी, जबकि ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 16 ओवर में ही 173 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया। मैच के बाद आंद्रे रसेल ने कहा, “मैं बस शुक्रिया अदा करना चाहता हूं।” उन्होंने कहा, “मैं अपने लोगों के सामने खेलकर बेहद खुश हूं। नतीजा जरूर हमारे पक्ष में नहीं आया, लेकिन इतने सारे मैच खेलकर मैं बहुत खुश हूं। मैं अपनी टीम के भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं। आप सभी के समर्थन के लिए शुक्रिया, मैं इसकी बहुत सराहना करता हूं। मुझे याद है कि हमने दो विश्व कप जीते, अब मुझे लगता है कि समय आगे बढ़ने का है। हमारी टीम में कई अच्छे खिलाड़ी हैं जो अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।”

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews