
14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 में मुकाबला खेला गया था जिसे भारतीय टीम ने 7 विकेट से जीता था। लेकिन इस मुकाबले के बाद एक नाम सबसे ज्यादा चर्चा में रहा, वह था एंडी पायक्रॉफ्ट। दरअसल भारत और पाकिस्तान के मुकाबले में पायक्रॉफ्ट ही मैच रेफरी थे। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से उन पर लगातार आरोप लगाया गया कि उन्होंने ही भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव को टॉस के दौरान पाकिस्तान कप्तान से हाथ नहीं मिलाने को कहा था।
पाकिस्तान की ओर से यह धमकी दी गई थी कि अगर पाकिस्तान के मुकाबले से एंडी पायक्रॉफ्ट को नहीं हटाया जाता है तो पाकिस्तान एशिया कप 2025 से हट जाएगा। हालांकि आईसीसी ने पाकिस्तान की इस मांग को ठुकरा दिया और एंडी पायक्रॉफ्ट को ही मैच रेफरी बनाए रखा। इस पूरे विवाद ने मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को सुर्खियों में ला दिया। चलिए जानते हैं कि एंडी पायक्रॉफ्ट कौन हैं और आखिर उनसे भारत का क्या कनेक्शन है।
जानिए कौन है एंडी पायक्रॉफ्ट?
जानकारी दे दें कि मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट जिम्बाब्वे के पूर्व क्रिकेटर हैं। हालांकि उन्होंने ज्यादा समय तक इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला। उन्होंने मात्र तीन टेस्ट मैच और 20 वनडे मुकाबले ही खेले थे। अपने इंटरनेशनल करियर के दौरान उन्होंने सिर्फ 447 रन बनाए। लेकिन इसके बाद वह जिम्बाब्वे टीम के हेड कोच भी रहे। सिलेक्शन कमेटी के साथ हुए विवाद के कारण 2003 वर्ल्ड कप के समय उन्होंने हेड कोच के पद से भी इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने मैच रेफरी का काम किया और लंबे समय तक इंटरनेशनल क्रिकेट में सेवाएं दी हैं।
कैसा रहा है बतौर रेफरी करियर?
जानकारी दे दें कि एंडी पायक्रॉफ्ट ने 2009 से लेकर अब तक 103 टेस्ट मैच में बतौर रेफरी काम किया है। भारत के साथ भी उनका कनेक्शन बेहद खास रहा है। दरअसल उन्होंने साल 1992 में भारतीय टीम के खिलाफ ही अपना टेस्ट डेब्यू किया था। पहली पारी में भारत के खिलाफ उन्होंने 39 रन तो वहीं दूसरी पारी में 46 रन बनाए थे। हालांकि इंटरनेशनल क्रिकेट का करियर उनका बहुत शानदार नहीं रहा, मगर रेफरी का करियर उनकी पहचान बना। लंबे समय से वह रेफरी का काम कर रहे हैं, उनके पास बहुत अनुभव है और सही निर्णय लेने की क्षमता है। यही कारण है कि आईसीसी ने उन्हें एशिया कप 2025 में रेफरी से नहीं हटाया है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

