भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज में अब तक तीन मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें से दो मुकाबलों में इंग्लैंड की टीम ने जीत हासिल की है जबकि मात्र एक मुकाबले में भारतीय टीम को जीत मिली है। , वहीं अब इस सीरीज का चौथा मुकाबला 23 जुलाई से खेला जाएगा। यह मुकाबला इंग्लैंड के ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट ग्राउंड में होगा, लेकिन इस मुकाबले से पहले भारतीय टीम को एक बड़ा झटका लगता हुआ दिखाई दे रहा है।
दरअसल भारतीय टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह चोटिल हो जाने के कारण इस मुकाबले से बाहर हो सकते हैं। टीम के असिस्टेंट कोच रयान टेन डॉशेट के मुताबिक, अर्शदीप को हाथ में चोट लगी है, जिसके कारण उन्होंने प्रैक्टिस सेशन में भी हिस्सा नहीं लिया।
कैसे हुए अर्शदीप चोटिल?
जानकारी दे दें कि अब तक अर्शदीप सिंह ने टेस्ट में डेब्यू नहीं किया है। वह एक लेफ्ट आर्म पेसर हैं वनडे और टी20 में वह कमाल कर चुके हैं, लेकिन अब तक टेस्ट में उन्हें हाथ आजमाने का मौका नहीं मिला है। ऐसे में चौथे टेस्ट मैच से पहले चोटिल हो जाना अर्शदीप के लिए और भी परेशान करने वाला हो सकता है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को भारतीय टीम का प्रैक्टिस सेशन चल रहा था। इस दौरान अर्शदीप सिंह भी प्रैक्टिस कर रहे थे, लेकिन गेंद रोकने की कोशिश में वह चोटिल हो गए। टीम के असिस्टेंट कोच ने जानकारी दी कि बॉलिंग के दौरान अर्शदीप सिंह को हाथ में चोट लगी है।
क्या भारतीय टीम को होगा अर्शदीप के जानें से नुकसान?
बता दें कि अगर अर्शदीप सिंह को गंभीर चोट लगती है और हाथों में टांके लगाने की जरूरत पड़ती है, तो आने वाले समय में उनकी गेंदबाजी करना मुश्किल हो सकता है। हालांकि अर्शदीप सिंह की छुट्टी होने से भारतीय टीम को कोई बड़ा नुकसान नहीं होगा, क्योंकि अर्शदीप सिंह ने अब तक अपना टेस्ट डेब्यू नहीं किया है। हालांकि अर्शदीप टी20 और वनडे के बेहतरीन खिलाड़ी हैं। बता दें कि इस टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में जसप्रीत बुमराह, आकाशदीप, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और शार्दुल ठाकुर के रूप में पांच मीडियम पेसर गेंदबाज हैं, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी भी गेंदबाजी कर सकते हैं। ऐसे में अर्शदीप सिंह के लिए टीम में जगह बन पाना मुश्किल है।






