
भारत और पाकिस्तान के बाद अब बांग्लादेश की टीम ने भी एशिया कप 2025 के लिए 16 सदस्यीय स्क्वाड का ऐलान किया है। टीम की कप्तानी एक बार फिर लिटन दास के हाथों में सौंपी गई है। साथ ही बांग्लादेश के स्क्वाड में विकेटकीपर बल्लेबाज नुरुल हसन का नाम भी शामिल है। उनके लंबे समय बाद बांग्लादेश टीम में वापसी हुई है। 3 साल बाद अब वह टी20 टीम में लौटे हैं। साथ ही ऑफ स्पिनर सैफ हसन को भी टीम में मौका दिया गया है। सैफ हसन ने अपना आखिरी मुकाबला 2023 में खेला था।
दरअसल, नुरुल हसन लंबे समय से डोमेस्टिक क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे थे। ऐसे में बांग्लादेश की इंटरनेशनल टीम में उन्हें मौका दिया गया है। उन्होंने आखिरी बार बांग्लादेश के लिए नवंबर 2022 में कोई टी20 मुकाबला खेला था। इसके बाद से ही वह इंटरनेशनल टीम से बाहर चल रहे थे। हालांकि अब उन्हें फिर मौका दिया गया है। बता दें कि उन्होंने अब तक 46 टी20 मैच खेले हैं, जिनमें 445 रन बनाए हैं।
संतुलित दिख रहा बांग्लादेश का स्क्वाड
बांग्लादेश के स्क्वाड पर नजर डाली जाए तो इसमें मेहदी हसन का नाम शामिल नहीं है। मेहदी हसन मिराज को टीम से बाहर कर दिया गया है, हालांकि उन्हें रिजर्व खिलाड़ियों के तौर पर शामिल किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक टी20 में उनके आंकड़े ठीक नहीं होने के कारण उन्हें टीम से बाहर किया गया है। बता दें कि उन्होंने अब तक 34 मुकाबले खेले हैं, जिनमें मात्र 418 रन बनाए हैं और 18 विकेट झटके हैं। इसके अलावा सौम्या सरकार को भी टीम ने रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर शामिल किया है। दरअसल, एशिया कप 2025 का टूर्नामेंट 9 सितंबर से शुरू हो रहा है। इसमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश के अलावा यूएई और ओमान जैसी टीमें शामिल रहेंगी।
टीम में मुस्तफिजुर रहमान और तस्कीन अहमद जैसे शानदार तेज गेंदबाज
बांग्लादेश ने अपने उन खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर दी है, जो इस टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर आएंगे। टीम में संतुलन दिखाई दे रहा है। बता दें कि बांग्लादेश की टीम को एशिया कप 2025 के ग्रुप बी में रखा गया है। इस ग्रुप में श्रीलंका और अफगानिस्तान के अलावा हांगकांग की टीम भी शामिल है। बांग्लादेश का पहला मुकाबला 11 सितंबर को हांगकांग के खिलाफ होगा। बांग्लादेश की टीम में मुस्तफिजुर रहमान और तस्कीन अहमद जैसे शानदार तेज गेंदबाज शामिल हैं।
बांग्लादेश की एशिया कप 2025 के लिए स्क्वाड इस प्रकार है:
लिटन दास (कप्तान), तंजीद हसन, परवेज हुसैन इमोन, सैफ हसन, तौहीद हृदय, जकर अली अनिक, शमीम हुसैन, काजी नुरुल हसन सोहन, शाक महेदी हसन, रिशाद हुसैन, नसुम अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, तंजीम हसन साकिब, तस्कीन अहमद, शोरफुल इस्लाम, शैफ उद्दीन।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

