
एशिया कप 2025 के दो फाइनलिस्ट अब मिल चुके हैं। 24 सितंबर को भारतीय टीम ने फाइनल के लिए प्रवेश किया था, वहीं 25 सितंबर को पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने जीत के साथ फाइनल में एंट्री कर ली है। यह इतिहास में पहली बार होगा जब एशिया कप के टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। मुकाबला 28 सितंबर को भारतीय समयानुसार रात 8:00 बजे से शुरू होगा।
जानकारी दे दें कि यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इससे पहले इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान, भारत से दो बार हार चुका है। 14 सितंबर को दोनों टीमें आमने-सामने हुई थीं, जिसमें भारत ने 7 विकेट से जीत हासिल की थी, जबकि दूसरे मैच में 21 सितंबर को भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया था।
पाकिस्तान के गेंदबाजों ने किया कमाल
बीते दिन खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान की टीम ने बांग्लादेश को 11 रनों से हरा दिया। हालांकि पाकिस्तान की टीम ने महज 136 रनों का टारगेट दिया था, जिसे बांग्लादेश की टीम चेज़ नहीं कर पाई। शुरुआत में पाकिस्तान के लगातार विकेट गिरे, जिससे संभावना जताई जाने लगी कि शायद पाकिस्तान यह मुकाबला हार जाए, लेकिन पाकिस्तान के गेंदबाजों ने कमाल कर दिखाया और मुकाबले में शानदार जीत हासिल की। पाकिस्तान की ओर से शाहीन शाह अफरीदी ने सबसे ज्यादा तीन विकेट हासिल किए। उनके अलावा हारिस रऊफ को भी तीन विकेट मिले, साथ ही मोहम्मद नवाज ने एक और सईम अयूब ने दो सफलताएं हासिल कीं।
28 सितंबर को भारत पाकिस्तान होंगे आमने सामने
अगर भारत और पाकिस्तान के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डाली जाए तो टी20 में भारतीय टीम बेहद आगे है। अब तक भारत और पाकिस्तान कुल 15 बार आमने-सामने हुए हैं, जिनमें से 12 मुकाबलों में भारत ने जीत हासिल की है, जबकि मात्र तीन मुकाबलों में पाकिस्तान को जीत मिली है। यानी भारत टी20 में पाकिस्तान पर भारी रहा है। अगर न्यूट्रल वेन्यू के रिकॉर्ड पर नजर डाली जाए तो भारत ने 10 बार मुकाबला जीता है, वहीं पाकिस्तान को मात्र दो मुकाबलों में जीत मिली है। 2025 का फाइनल भी न्यूट्रल वेन्यू पर ही खेला जाएगा, जहां भारत का पलड़ा भारी है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

