
आज एशिया कप 2025 में सुपर 4 का एक और मुकाबला खेला जाएगा। आज भारत और बांग्लादेश की टीमें आमने-सामने रहेंगी। भारतीय समय अनुसार यह मुकाबला रात 8:00 बजे से शुरू होगा। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में सभी की निगाहें भारत पर टिकी रहेंगी। दरअसल आज भारत एशिया कप 2025 के फाइनल में पहुंच सकता है। बांग्लादेश से जीत के साथ भारत फाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर लेगा।
एशिया कप 2025 में अब तक भारत और बांग्लादेश की टीमें आपस में एक भी मुकाबला नहीं खेली हैं। दोनों टीमें पहली बार इस टूर्नामेंट में आमने-सामने होने वाली हैं। बांग्लादेश ने अपने पिछले मुकाबले में श्रीलंका की टीम को हराया था, जबकि भारत पाकिस्तान को 6 विकेट से हराकर यहां पहुंचा है।
हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें
हेड-टू-हेड मुकाबले पर नजर डाली जाए तो भारत का पलड़ा हमेशा से भारी रहा है। दरअसल दोनों टीमों ने टी20 क्रिकेट में 17 बार आमने-सामने खेला है। 16 बार भारत की टीम ने जीत हासिल की है, जबकि मात्र एक बार बांग्लादेश को जीत मिली है। 2019 में पहली और आखिरी बार बांग्लादेश की टीम ने भारत को हराया था, जबकि आखिरी भिड़ंत दोनों टीमों की साल 2024 में हैदराबाद में हुई थी, जहां भारतीय टीम ने 133 रनों से मुकाबला जीता था। साफ तौर पर देखा जा सकता है कि भारतीय टीम का पलड़ा टी20 क्रिकेट में बांग्लादेश पर भारी रहा है और एक बार फिर भारतीय टीम मुकाबला जीत कर अपने इस रिकॉर्ड को कायम रख सकती है।
टीम में हो सकता है बड़ा बदलाव
आज भारतीय टीम में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए जा सकते हैं। दरअसल टीम के मजबूत गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आज फिर आराम दिया जा सकता है। बता दें कि एशिया कप 2025 की शुरुआत में ही यह साफ हो गया था कि जसप्रीत बुमराह लगातार पूरे मैच नहीं खेलेंगे। ऐसे में आज बांग्लादेश के खिलाफ उन्हें आराम दिया जा सकता है। देखना होगा कि भारतीय टीम में उनकी जगह किसे मौका मिलता है। बाकी प्लेइंग इलेवन में बदलाव होने की उम्मीद बेहद कम है। पिछले मुकाबले में अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी की थी। ऐसे में एक बार फिर उन्हें ही ओपनर के तौर पर भेजा जा सकता है। स्पिनर्स में कुलदीप यादव का प्रदर्शन शानदार रहा है, ऐसे में उनके साथ अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती को टीम में शामिल किया जा सकता है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

