
एशिया कप 2025 का बड़ा टूर्नामेंट 9 सितंबर से शुरू होगा। इस टूर्नामेंट में सभी की नजरें भारत और पाकिस्तान के मुकाबले पर टिकी हुई हैं। 14 सितंबर को दोनों टीमें इस भव्य टूर्नामेंट में आमने-सामने होंगी। शुरुआत से ही इस मुकाबले को लेकर चर्चाएं छिड़ी हुई हैं। पहले इस मुकाबले को लेकर काफी विवाद हुआ था, हालांकि अंत में फैसला लिया गया कि यह मुकाबला खेला जाएगा। लेकिन अब एशिया कप के शुरू होने से पहले ही 14 सितंबर को होने वाले इस मुकाबले को लेकर चर्चाएं फिर शुरू हो गई हैं।
दरअसल, हाल ही में बीसीसीआई के सचिव ने इस मैच से पहले बड़ा बयान दिया है। बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को होने वाली इस टक्कर को लेकर भारतीय संसद भवन में भी घमासान मच चुका है। विपक्ष की ओर से बीसीसीआई पर निशाना साधा गया था, जबकि कई पूर्व भारतीय खिलाड़ियों ने भी यह बयान दिया था कि भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला नहीं खेला जाना चाहिए।
बीसीसीआई का रुख बिल्कुल साफ: सचिव देवजीत सैकिया
वहीं अब बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने इस विवाद के बीच बड़ा बयान दिया है। दरअसल, उन्होंने भारत-पाकिस्तान के मैच को लेकर कहा है कि बीसीसीआई सरकार के फैसले का पूर्ण समर्थन करता है। न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए देवजीत सैकिया ने कहा कि बीसीसीआई का रुख बिल्कुल साफ है। हम भारत सरकार के फैसले को पूर्ण समर्थन देते हैं। भारत सरकार ने इस पर एक नई नीति बनाई है, जिसका हमें पालन करना होगा। हमें भी इस नीति का पालन करने से कोई परहेज नहीं है। जानकारी दे दें कि भारत सरकार ने हाल ही में साफ किया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 में मुकाबला खेला जाएगा, क्योंकि यह एक मल्टीनेशनल टूर्नामेंट है। भारत सरकार की यह नीति है कि वह पाकिस्तान के साथ कोई भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलेगी, लेकिन मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में टीम खेल सकती है।
क्यों हो रही इतनी चर्चा?
दरअसल, एशिया कप 2025 की मेजबानी भारत द्वारा ही की जा रही है। लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में संबंध खराब रहे हैं। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच रिश्ते बिगड़ गए। इसके बाद वर्ल्ड लीजेंड्स चैंपियनशिप में भी भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को रद्द कर दिया गया। उसके बाद भारत और पाकिस्तान के एशिया कप 2025 के मुकाबले को रद्द करने को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि अंत में भारत सरकार की ओर से नई नीति का हवाला देते हुए मैच कराने की बात कही गई। बता दें कि भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें 14 सितंबर को दुबई के मैदान पर आमने-सामने होंगी। भारत इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ तीन बार मुकाबला खेल सकता है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

