एशिया कप 2025 में दो बार आमने सामने होंगे भारत-पाकिस्तान? इस तरह हो सकता है टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल!

इस साल का एशिया कप भारत को होस्ट करना था लेकिन सुरक्षा कारणों से इसे UAE में कराने की तैयारी चल रही है। दरअसल यह टूर्नामेंट 5 से 21 सितंबर तक हो सकता है और भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत दो बार हो सकती है। इसमें छह टीमें हिस्सा लेंगी और मैच T20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे।
भारत-पाकिस्तान

एशिया कप 2025 को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक टूर्नामेंट 5 सितंबर से शुरू हो सकता है और इसका फाइनल 21 सितंबर को खेला जा सकता है। भारत और पाकिस्तान की टीमें 7 सितंबर को आमने-सामने हो सकती हैं और अगर दोनों टीमें सुपर-4 में पहुंचती हैं तो 14 सितंबर को एक बार फिर भिड़ंत हो सकती है। दरअसल टूर्नामेंट T20 फॉर्मेट में खेला जाएगा और कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी जिनमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और UAE शामिल है।

दरअसल इस बार एशिया कप की मेजबानी भारत को दी गई थी, लेकिन भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव और हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले के चलते यह आयोजन UAE में शिफ्ट किया जा सकता है। ACC (एशियन क्रिकेट काउंसिल) इस हफ्ते टूर्नामेंट का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर सकती है। रिपोर्ट के अनुसार भारत और पाकिस्तान को अपनी-अपनी सरकारों से टूर्नामेंट खेलने की अनुमति मिल चुकी है, और ब्रॉडकास्टर सोनी स्पोर्ट्स ने प्रमोशनल पोस्टर भी जारी कर दिया है।

दो बार हो सकती है भारत पाकिस्तान की भिड़ंत?

वहीं भारत और पाकिस्तान के बीच 7 सितंबर को ग्रुप स्टेज में मुकाबला तय माना जा रहा है। अगर दोनों टीमें सुपर-4 में पहुंचती हैं, तो 14 सितंबर को एक बार फिर आमना-सामना हो सकता है। इन मैचों को लेकर ब्रॉडकास्टर्स और आयोजकों को बड़े व्यूअरशिप की उम्मीद है, क्योंकि इनकी टीआरपी और रेवेन्यू काफी ज्यादा होता है।

भारत ने सबसे ज़्यादा बार जीता है खिताब

जानकारी दे दें कि एशिया कप 2025 का आयोजन T20 फॉर्मेट में होगा, ताकि यह वर्ल्ड T20 2026 की तैयारी का हिस्सा बन सके। कुल छह टीमें दो ग्रुप्स में बंटेंगी और फिर टॉप-2 टीमें सुपर-4 में जाएंगी। इसके बाद दो टीमें फाइनल में पहुंचेंगी। टूर्नामेंट कुल 17 दिन चलेगा। जानकारी दे दें कि एशिया कप की शुरुआत 1984 में हुई थी और अब तक 16 बार इसका आयोजन हो चुका है। भारत ने सबसे ज्यादा 8 बार यह खिताब अपने नाम किया है। श्रीलंका 6 बार और पाकिस्तान 2 बार विजेता रहा है। पिछली बार भारत ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर खिताब जीता था।

भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज बंद

वहीं ACC ने भविष्य के तीन एशिया कप होस्ट की घोषणा भी कर दी है 2027 में पाकिस्तान, 2029 में बांग्लादेश और 2031 में श्रीलंका मेज़बान होंगे। दरअसल 2008 के मुंबई हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज बंद हैं। दोनों टीमें अब केवल ICC और ACC टूर्नामेंट में आमने-सामने आती हैं। यही वजह है कि जब भी भारत-पाकिस्तान मैच होता है, तो उसे लेकर दर्शकों और ब्रॉडकास्टर्स में जबरदस्त क्रेज देखने को मिलता है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews