क्या एशिया कप 2025 से हट जाएगा पाकिस्तान? भारतीय खिलाड़ियों के हाथ नहीं मिलाने से नाराज PCB ने ये रखी मांग

एशिया कप 2025 में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को बुरी तरह से हराया और उसके बाद पाकिस्तान ने खिलाड़ियों से हाथ भी नहीं मिलाया। पहलगाम में हुए आतंकी हमले का विरोध भारतीय टीम ने कुछ इस तरह किया कि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के समय भी पाकिस्तान कप्तान से हाथ नहीं मिलाया। अब इसके बाद पीसीबी बुरी तरह से नाराज हो गया है। रिपोर्ट्स की मानें तो पाकिस्तान अब एशिया कप से भी हट सकता है।
क्या एशिया कप 2025 से हट जाएगा पाकिस्तान? भारतीय खिलाड़ियों के हाथ नहीं मिलाने से नाराज PCB ने ये रखी मांग

भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए 14 सितंबर के मुकाबले में भारत ने शानदार जीत हासिल की थी। जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया और सीधे ड्रेसिंग रूम की ओर बढ़ गए। टॉस के समय भी भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया। अब इस घटना के बाद पीसीबी ने बड़ी मांग की है।

दरअसल, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने की मांग की है और इस बात पर अड़े हुए हैं। वहीं रिपोर्ट में सामने आ रहा है कि पाकिस्तान अब एशिया कप 2025 से भी हट सकता है। रविवार को हाथ न मिलने की घटना से पाकिस्तान नाराज है।

मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने की मांग 

भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। अब इस मामले की शिकायत पाकिस्तान ने मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट से की है। आरोप लगाया गया है कि भारतीय टीम ने खेल भावना को आहत किया है। वहीं रेफरी ने ही दोनों कप्तानों को हाथ मिलाने से मना किया था। इसलिए पीसीबी का कहना है कि पायक्रॉफ्ट का व्यवहार पक्षपातपूर्ण रहा है, इसीलिए उन्हें टूर्नामेंट से हटाया जाना चाहिए। रिपोर्ट्स की मानें तो अगर मैच रेफरी को नहीं हटाया जाता है तो पाकिस्तान भी इस टूर्नामेंट से हट सकता है। हालांकि अब तक इस मामले पर एशियाई क्रिकेट काउंसिल और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया।

पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी भी नाराज 

दरअसल, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी ने सोमवार को अपने बयान में कहा कि पीसीबी द्वारा पायक्रॉफ्ट को तत्काल बाहर करने की मांग की गई है। उन्होंने आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट और क्रिकेट की स्पिरिट का पालन नहीं किया है। हालांकि भारतीय खिलाड़ियों द्वारा पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाने के मामले में अब पूर्व पाकिस्तान खिलाड़ी भी कूद गए हैं। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ का कहना है कि अगर पहलगाम की ही बात है तो भारत हमसे जंग लड़े, क्रिकेट में इन बातों को मत लाओ। जबकि शोएब अख्तर का कहना है कि भारतीय टीम ने भले ही शानदार खेल दिखाया हो, लेकिन यह सिर्फ क्रिकेट मैच था, इसमें राजनीति नहीं लानी चाहिए थी। पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने कहा कि क्रिकेट को क्रिकेट ही रहने दें, इसमें सियासत ना करें।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews