
आज एशिया कप 2025 में पहला सुपर-4 मुकाबला श्रीलंका और बांग्लादेश की टीम के बीच खेला जाएगा। ग्रुप स्टेज में श्रीलंका ने शानदार खेल दिखाया था। श्रीलंका ग्रुप-बी से सभी मैच जीतने वाली एकमात्र टीम रही थी। श्रीलंका ने पहले स्थान पर रहकर सुपर-4 के लिए क्वालीफाई किया था। वहीं ग्रुप स्टेज में बांग्लादेश को भी श्रीलंका के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। अब दोनों टीमें टी20 में आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8:00 बजे से शुरू होगा। मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर खेला जाएगा।
लीग स्टेज में खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश को श्रीलंका के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। श्रीलंका की टीम ने छह विकेट से जीत हासिल की थी। हालांकि बांग्लादेश के लिए भी यह टूर्नामेंट अच्छा रहा है। बांग्लादेश ने पहला मुकाबला हांगकांग के खिलाफ सात विकेट से जीता था। उसके बाद दूसरा मुकाबला श्रीलंका से हार गया, लेकिन अंत में अफगानिस्तान के खिलाफ 8 रन से जीतकर सुपर-4 में क्वालीफाई किया था।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डाली जाए तो बता दें कि टी20 में दोनों टीमें 21 बार आमने-सामने हुई हैं। इनमें 13 बार श्रीलंका की टीम ने जीत हासिल की है, जबकि 8 बार बांग्लादेश की टीम को जीत मिली है। साफ तौर पर देखा जा सकता है कि श्रीलंका की टीम बांग्लादेश पर हमेशा से भारी रही है। हालांकि पिछले कुछ सालों में बांग्लादेश की टीम मजबूत नजर आई है और बड़ी से बड़ी टीम को टक्कर देती हुई दिखाई दी है। बड़े मैच में बांग्लादेश की टीम उलटफेर कर सकती है। अब तक एशिया कप टी20 के फॉर्मेट में दोनों टीमें 3 बार आमने-सामने हुई हैं। इनमें 2 बार श्रीलंका और 1 बार बांग्लादेश की टीम को जीत मिली है।
ये खिलाड़ि पलट सकते हैं खेल
इस समय श्रीलंका के बल्लेबाज शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। श्रीलंका के पाथुम निशांका सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। इस टूर्नामेंट में उन्होंने 3 मैचों में 124 रन बनाए हैं। इन 3 मैचों में से 2 में उन्होंने अर्धशतक जड़ा है। वहीं नुवान थुसारा ने 3 मैचों में 5 विकेट झटके हैं। दूसरी ओर बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास ने 3 मैचों में 96 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में रिशाद हुसैन ने 3 मैचों में 4 विकेट चटकाए हैं। आज श्रीलंका के गेंदबाज दुनीत वेल्लालागे नहीं खेलेंगे। 18 सितंबर को उनके पिता का निधन हो गया था, जिसके कारण वे श्रीलंका लौट चुके हैं।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

