तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को 276 रनों से हराया, 1991 के बाद अफ्रीका को मिली सबसे बड़ी हार

ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच खेली गई तीन वनडे मैचों की सीरीज को साउथ अफ्रीका ने 2-1 से अपने नाम कर लिया। आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने शानदार खेल दिखाया और अफ्रीका को 276 रनों से हरा दिया।
तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को 276 रनों से हराया, 1991 के बाद अफ्रीका को मिली सबसे बड़ी हार

ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने विशाल जीत दर्ज की। दरअसल, अफ्रीका की टीम को 276 रनों से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, साउथ अफ्रीका ने तीन मैचों की वनडे सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया, लेकिन आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों की जमकर धुलाई की और पिछले दो मुकाबलों में मिली हार का बुरी तरह से बदला ले लिया। इसी के साथ साउथ अफ्रीका के नाम बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया का एक बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

दरअसल, अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 431 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। ऑस्ट्रेलिया के तीन बल्लेबाजों ने इस मुकाबले में शतक जमाए। चलिए जानते हैं मुकाबले का पूरा हाल।

ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों का कहर

ऑस्ट्रेलिया की ओर से ट्रेविस हेड ने कमाल की बल्लेबाजी की। हेड के बल्ले से 142 रन निकले। ट्रेविस हेड ने 103 गेंदों में 142 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 17 चौके और पांच जबरदस्त छक्के निकले। उन्होंने 170.28 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। जबकि कप्तान मिचेल मार्श के बल्ले से भी शानदार शतक देखने को मिला। मिचेल मार्श ने 106 गेंदों का सामना किया और 100 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और 5 छक्के निकले। उन्होंने 94.34 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की ओर से कैमरन ग्रीन ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 118 रनों की पारी खेली। 55 गेंदों का सामना करते हुए ग्रीन ने 214.55 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। ग्रीन ने अपनी पारी में 10 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के लगाए। वहीं, एलेक्स केरी ने नाबाद 50 रनों की पारी खेली। केरी ने मात्र 37 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 50 रन बना दिए, जिसके चलते ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 50 ओवर में मात्र 2 विकेट के नुकसान पर 431 रन बना दिए।

सस्ते में निपटी साउथ अफ्रीका की टीम

वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम मात्र 155 रनों पर ऑलआउट हो गई। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। 11 रन के स्कोर पर एडेन मार्करम का विकेट गिर गया। मार्करम ने मात्र 2 रन बनाकर पवेलियन का रास्ता नापा। वहीं, 31 के स्कोर पर रयान रिकेल्टन और 39 के स्कोर पर टेम्बा बावुमा का विकेट भी साउथ अफ्रीका ने गंवा दिया। टीम का कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक पाया। साउथ अफ्रीका की ओर से डेविड मिलर ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए कूपर कोनली ने 5 विकेट झटके। उनके अलावा जेवियर बार्टलेट ने 2 और सीन एबॉट ने 2 विकेट अपने नाम किए। तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया से मिली हार के चलते 1991 के बाद साउथ अफ्रीका को वनडे क्रिकेट के इतिहास में अपनी सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews