
28 सितंबर का दिन भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद खास होने वाला है। दरअसल, इस दिन बीसीसीआई का नया अध्यक्ष भी मिल सकता है। इसी दिन बोर्ड के पदाधिकारी का चुनाव भी होना है। अध्यक्ष पद को लेकर अभी भी सवाल बने हुए हैं। दरअसल, पूर्व क्रिकेटर रोजर बिन्नी का कार्यकाल अब पूरा हो चुका है। मौजूदा समय में उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला बीसीसीआई के अंतरिम अध्यक्ष बने हुए हैं। हाल ही में खबर सामने आई है कि दिल्ली में अध्यक्ष पद को लेकर मीटिंग होनी है, जो देश के गृहमंत्री अमित शाह के साथ हो सकती है।
दरअसल, क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक 20 सितंबर को दिल्ली में बीसीसीआई के अधिकारियों की एक मीटिंग होनी है। यह मीटिंग सत्ताधारी पार्टी के सदस्यों के साथ होगी। इसके साथ यह साफ हो जाएगा कि बीसीसीआई का अगला चेयरमैन कौन बनेगा।
कब होगा नए अध्यक्ष का ऐलान?
हालांकि 20 सितंबर को बीसीसीआई के नए अध्यक्ष का ऐलान नहीं किया जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि 28 सितंबर को नाम का ऐलान किया जा सकता है। हालांकि, 20 सितंबर को होने वाली बैठक गृहमंत्री अमित शाह के आवास पर होगी, जहां पर अंतिम रूपरेखा भी तय की जाएगी। इससे पहले 2022 में भी इसी तरह से नए अध्यक्ष का चयन किया गया था, जहां बैठक में पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवासन और तत्कालीन बीसीसीआई प्रमुख सौरव गांगुली पर पिछले 3 वर्षों के उनके प्रदर्शन को देखते हुए तीखी आलोचना की गई थी। अब देखना होगा कि 20 सितंबर को होने वाली यह बैठक कितनी खास होगी।
कौन है इस रेस में शामिल?
2022 में हुई बैठक में सौरव गांगुली अध्यक्ष पद पर बने रह सकते थे, लेकिन बैठक के दौरान यह फैसला लिया गया कि रोजर बिन्नी को ही इस पद के लिए अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए। अब देखना होगा कि 20 सितंबर को होने वाली मीटिंग के लिए सौरव गांगुली को आमंत्रित किया जाता है या नहीं। रिपोर्ट में यह दावा किया जा रहा है कि हरभजन सिंह या फिर सौरव गांगुली ही फिर से अध्यक्ष बन सकते हैं। इसके अलावा पूर्व भारतीय क्रिकेटर रघुराम भट्ट भी इस लिस्ट में शामिल हैं। किरण मोरे भी प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। देखना होगा कि दिल्ली में होने वाली यह मीटिंग किस नाम पर अपनी मोहर लगाती है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

