तीसरे वनडे मैच से पहले बीसीसीआई की ओर से शुरू की गई ‘अंगदान करें, जीवन बचाएं’ पहल, खिलाडियों ने की सभी से अपील

12 फरवरी को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा वनडे मुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले बीसीसीआई की ओर से अंगदान जागरूकता को लेकर एक बड़ी पहल शुरू की गई है। इसे लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो शेयर कर जानकारी दी गई है।
तीसरे वनडे मैच से पहले बीसीसीआई की ओर से शुरू की गई 'अंगदान करें, जीवन बचाएं' पहल, खिलाडियों ने की सभी से अपील

भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा वनडे मुकाबला 12 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले बीसीसीआई ने अंगदान के लिए एक बड़ी पहल शुरू की है। दरअसल, 10 फरवरी को बीसीसीआई ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर इस पहल की जानकारी दी। इसे लेकर बीसीसीआई की ओर से एक वीडियो जारी किया गया, जिसमें भारतीय टीम के खिलाड़ी अंगदान के बारे में जागरूकता फैलाते हुए नजर आ रहे हैं।

इसके साथ ही आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर इस पहल की जानकारी देते हुए बताया कि भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले तीसरे वनडे मैच के दौरान ‘अंगदान करें, जीवन बचाएं’ पहल की शुरुआत की जा रही है।

वीडियो में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी कर रहे अपील

बीसीसीआई द्वारा जारी किए गए वीडियो में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी इस पहल के बारे में जानकारी देते हुए दिखाई दे रहे हैं। विराट कोहली इस वीडियो में कहते हुए नजर आ रहे हैं कि “आपके अंग दूसरों की मदद कर सकते हैं। आप भी दूसरों की जिंदगी बचाएं, एक दाता के रूप में रजिस्टर करें और हर एक जिंदगी को अहमियत दें।” इसके अलावा भी कई खिलाड़ी अंगदान की जागरूकता के बारे में बात कर रहे हैं। इस वीडियो के नीचे बीसीसीआई ने कैप्शन में लिखा: “अंगदान करें, जिंदगी बचाएं! 12 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इस पहल में शामिल हों। अपने अंगदान करने की प्रतिज्ञा लें और बदलाव लाएं।”

आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने लिखा

आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने लिखा “भारत और इंग्लैंड के बीच 12 फरवरी को अहमदाबाद में होने वाले वनडे मैच के अवसर पर हमें एक जागरूकता पहल शुरू करने पर गर्व हो रहा है ‘अंगदान करें, जीवन बचाएं’। खेल में प्रेरणा देने, एकजुट करने और मैदान से परे स्थायी प्रभाव छोड़ने की ताकत होती है। इस पहल के जरिए हम सभी से सबसे बड़ा उपहार—जीवन का उपहार देने की अपील करते हैं। एक प्रतिज्ञा, एक निर्णय कई जिंदगियां बचा सकता है। आइए, साथ मिलकर बदलाव लाएं।”

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews