क्या नाइटक्लब में हुई घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहेंगे बेन स्टोक्स? ईसीबी ने शुरू की जांच

लॉर्ड्स में जीत के बाद बेन स्टोक्स नाइटक्लब घटना में फंसते हुए नजर आ रहे हैं। दरअसल अब उनके क्रिकेट को अलविदा कहने और कप्तानी छोड़ने की अटकलें भी तेज हो गई हैं।
क्या नाइटक्लब में हुई घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहेंगे बेन स्टोक्स? ईसीबी ने शुरू की जांच

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स एक बड़ी विवादित घटना के बाद मुश्किलों में घिर गए हैं। दरअसल लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार जीत के बाद टीम जश्न मना रही थी, लेकिन इसी दौरान हुई एक नाइटक्लब घटना ने पूरे क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। अब ऐसी चर्चाएं तेज हो गई हैं कि बेन स्टोक्स अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं और टेस्ट टीम की कप्तानी भी छोड़ सकते हैं। इस खबर ने इंग्लैंड क्रिकेट के भविष्य को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

दरअसल इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को पहले टेस्ट मैच में 115 रन से हराकर बड़ी जीत हासिल की थी। यह मुकाबला लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया था। लेकिन जीत की खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाई। रविवार देर रात हुई एक घटना में बेन स्टोक्स का नाम सामने आया। ‘टॉकस्पोर्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले के बाद स्टोक्स कप्तानी छोड़ने और क्रिकेट से दूरी बनाने पर विचार कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो यह उनके करियर का सबसे बड़ा फैसला माना जाएगा।

ईसीबी ने इस पूरे मामले की जांच शुरू की

इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड यानी ईसीबी ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना में एक रग्बी खिलाड़ी का नाम भी सामने आया है। ईसीबी का कहना है कि टीम प्रोटोकॉल का उल्लंघन हुआ है। बताया गया है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के खत्म होने के बाद सोमवार तड़के बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन उस नाइटक्लब में मौजूद थे, जहां यह पूरा मामला हुआ। बोर्ड ने इस घटना को गंभीर माना है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

कब की जाएगी दूसरे टेस्ट मैच के लिए टीम की घोषणा?

दरअसल ईसीबी ने अपने बयान में कहा है कि फिलहाल मामले से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी जुटाई जा रही है। दूसरे टेस्ट मैच के लिए टीम की घोषणा सही समय पर की जाएगी। साथ ही इस मामले की जानकारी ‘क्रिकेट रेगुलेटर’ को भी दे दी गई है। बोर्ड का कहना है कि जैसे ही कोई नई जानकारी सामने आएगी, उसे सार्वजनिक किया जाएगा। ऐसे में अब सभी की नजरें ईसीबी की जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।

स्टीव हार्मिसन ने बेन स्टोक्स का समर्थन किया

वहीं इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टीव हार्मिसन ने इस पूरे मामले में बेन स्टोक्स का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि जब तक पूरे तथ्य सामने नहीं आ जाते, तब तक किसी भी तरह का फैसला लेना सही नहीं होगा। हार्मिसन ने कहा कि बेन स्टोक्स एक शानदार खिलाड़ी और ईमानदार इंसान हैं। उन्हें खुद अच्छी तरह पता होगा कि उन्होंने कोई गलती की है या नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि जल्दबाजी में कोई निष्कर्ष निकालना सही नहीं है।

हार्मिसन ने आगे कहा कि वह पूरी तरह बेन स्टोक्स के साथ हैं। उन्होंने बताया कि वह स्टोक्स को तब से जानते हैं जब वह सिर्फ 15 साल के थे। हार्मिसन के मुताबिक, स्टोक्स हमेशा ईमानदारी से खेलने वाले खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने टीम प्रबंधन से अपील की कि इस मुश्किल समय में बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन को पूरा सहयोग दिया जाए। साथ ही खिलाड़ियों के मानसिक स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना जरूरी है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews